नारायणपुर

कोहकामेटा में शिक्षा का भरोसा मजबूत

स्वामी आत्मानंद विद्यालय में 150 विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित भवन, शौचालय–मरम्मत समेत सभी सुविधाएं सुनिश्चित….
कैलाश सोनी- नारायणपुर। जिले के दूरस्थ अंचल कोहकामेटा में संचालित स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित इस विद्यालय में वर्तमान में 150 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार विद्यालय परिसर पूरी तरह सुरक्षित है और बच्चों के लिए अध्ययन के अनुकूल, व्यवस्थित एवं प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

विद्यालय भवन का समय-समय पर तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। बीते मानसून में कुछ कक्षों में सामने आई हल्की सीपेज की समस्या को प्राथमिकता से दूर किया गया है। दीवारों में आई दरारों की मरम्मत कर कक्षों को पूरी तरह सुरक्षित और उपयोग योग्य बनाया गया है। वर्तमान में सभी कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं।

स्वच्छता व शौचालय सुविधा पर जोर

विद्यालय में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। परिसर में 3 बालक एवं 3 बालिका शौचालय पहले से संचालित हैं। इसके अलावा 6 बालक और 6 बालिका शौचालयों का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है, जिससे निकट भविष्य में विद्यार्थियों को और बेहतर सुविधा मिलेगी। प्रबंधन का दावा है कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर लिया जाएगा।

अभिभावकों को भरोसा, बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि

विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों को आश्वस्त किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, सुविधा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जा रहा है, ताकि दूरस्थ अंचल के छात्र-छात्राएं भी बिना किसी बाधा के बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें।

संदेश साफ है— अबूझमाड़ के सुदूर अंचलों में भी शिक्षा के ढांचे को मजबूत करने की दिशा में प्रशासनिक प्रयास तेज हुए हैं।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page