नारायणपुर

VB-G RAM G : ग्रामीण भारत के उत्थान की नई गारंटी

अब 125 दिन का सुनिश्चित रोजगार, 7 दिन में मजदूरी भुगतान अनिवार्य - मंत्री केदार कश्यप

नारायणपुर। प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में एक और निर्णायक पहल के रूप में Viksit Bharat Guarantee for Rozgar and Ajeevika Mission (Gramin) — VB-G RAM G ग्रामीण भारत के लिए आर्थिक सुरक्षा और स्वावलंबन की मजबूत नींव रख रही है। इसी क्रम में में आयोजित प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं नारायणपुर विधायक ने योजना के प्रावधानों को विस्तार से रखते हुए इसे गांव, गरीब, मजदूर और किसान के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

मंत्री कश्यप ने कहा कि VB-G RAM G केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का सशक्त प्रतीक है। केंद्र और राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि विकास की रोशनी अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

125 दिन का रोजगार : ग्रामीण परिवारों को आर्थिक संबल

प्रेसवार्ता में मंत्री कश्यप ने घोषणा की कि VB-G RAM G के तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया गया है। इससे ग्रामीण परिवारों की वार्षिक आय बढ़ेगी और आर्थिक स्थिरता मिलेगी। उन्होंने कहा कि रोजगार दिनों में यह वृद्धि बेरोजगारी, पलायन और आर्थिक असुरक्षा जैसी समस्याओं पर प्रभावी अंकुश लगाएगी। साथ ही मजदूरी दर में बढ़ोतरी कर श्रमिकों के श्रम को सम्मानजनक मूल्य दिया गया है।

7 दिन में मजदूरी भुगतान : श्रमिक अधिकारों की गारंटी

मंत्री कश्यप ने बताया कि श्रमिकों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए मजदूरी भुगतान की समयसीमा 15 दिन से घटाकर 7 दिन कर दी गई है और इसे अनिवार्य बनाया गया है। यदि निर्धारित समय में भुगतान नहीं होता है तो संबंधित श्रमिकों को अतिरिक्त क्षतिपूर्ति दी जाएगी। यह प्रावधान पारदर्शिता बढ़ाने के साथ-साथ प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करेगा और लापरवाही पर सख्त नियंत्रण लगाएगा।

किसानों को राहत : 60 दिन तक कार्य स्थगन का अधिकार

छत्तीसगढ़ के कृषि परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए मंत्री कश्यप ने बताया कि VB-G RAM G के अंतर्गत राज्य सरकार को 60 दिनों तक कार्य स्थगित रखने का अधिकार दिया गया है। धान उत्पादक राज्य होने के कारण बुआई और कटाई के मौसम में श्रमिकों की कमी रहती थी। नए प्रावधान से आवश्यकता पड़ने पर योजना के कार्य अस्थायी रूप से रोककर श्रमिकों को कृषि कार्यों के लिए उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और उत्पादन प्रभावित नहीं होगा।

गांव-गरीब-किसान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, मजदूर और किसान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। VB-G RAM G समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का व्यापक अभियान है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सशक्त क्रियान्वयन

मंत्री कश्यप ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार पारदर्शिता, गति और जवाबदेही के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सीधे आम जनता तक पहुंचे।

अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों के लिए वरदान

प्रेसवार्ता में विशेष उल्लेख करते हुए मंत्री कश्यप ने कहा कि अबूझमाड़ जैसे दुर्गम, वनांचल और पिछड़े क्षेत्रों में VB-G RAM G विकास की नई किरण बनकर उभरेगी। स्थानीय युवाओं और श्रमिकों को रोजगार, सरकारी योजनाओं की जानकारी और सशक्तिकरण के अवसर मिलेंगे, जिससे क्षेत्र का सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य तेजी से बदलेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत नारायणपुर के अध्यक्ष नारायण मरकाम, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, भाजपा जिला महामंत्री द्वय संदीप कुमार झा एवं पंकज जैन, सुदीप झा सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page