नारायणपुर

25 जनवरी को निकलेगी अबूझमाड़ पीस बाइक रैली राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता का संदेश

नारायणपुर | 23 जनवरी 2026

अबूझमाड़ महोत्सव–अबूझमाड़ पीस हॉफ मैराथन के पांचवें संस्करण के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से 25 जनवरी, रविवार को “अबूझमाड़ पीस बाइक रैली” का आयोजन किया जाएगा। रैली प्रातः 8.30 बजे शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान, नारायणपुर से प्रारंभ होकर अबूझमाड़ के आंतरिक क्षेत्रों तक पहुंचेगी।

जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार इस रैली का मुख्य उद्देश्य जिला नारायणपुर, विशेषकर अबूझमाड़ क्षेत्र के जनजीवन, समृद्ध आदिवासी कला एवं संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, घने वन, पर्वत श्रृंखलाओं तथा झील-झरनों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पटल पर प्रस्तुत करना है। साथ ही राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।

अबूझमाड़ पीस बाइक रैली में जिला मुख्यालय के समस्त शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, जिले के गणमान्य नागरिक, विभिन्न खेल संघों एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, पत्रकार, पर्यटक, बाइकर्स तथा उच्च शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राएं सहभागिता करेंगे।

जिला प्रशासन ने रैली में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें, ताकि आयोजन सुरक्षित, अनुशासित एवं सफल रूप से संपन्न हो सके।

उल्लेखनीय है कि अबूझमाड़ महोत्सव–अबूझमाड़ पीस हॉफ मैराथन के पांचवें संस्करण के अंतर्गत 30 जनवरी की संध्या को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जबकि 31 जनवरी 2026 को अबूझमाड़ पीस हॉफ मैराथन आयोजित होगी। इन आयोजनों के माध्यम से अबूझमाड़ की खेल भावना, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page