सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस पर भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान

एसपी रोबिनसन गुड़िया ने शॉल–श्रीफल भेंट कर किया गौरव वंदन
नारायणपुर, 14 जनवरी।
सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर नारायणपुर पुलिस द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिले के भूतपूर्व सैनिकों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को नमन किया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त सूबेदार शैलेन्द्र कुमार चंदेल को वर्ष 1993 से 2023 तक लद्दाख, पानागढ़ एवं ऊधमपुर जैसे आतंकवाद प्रभावित एवं सीमांत क्षेत्रों में दी गई दीर्घकालीन सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। वहीं सेवानिवृत्त सिपाही अशोक शोरी को वर्ष 2003 से 2022 तक कच्छ, पठानकोट एवं राजौरी जैसे संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में कर्तव्यनिष्ठ सेवा के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी रोबिनसन गुड़िया ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों का जीवन अनुशासन, त्याग और देशभक्ति का प्रतीक है। सीमाओं पर सेवा देकर उन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित की है, जिसके लिए समाज सदैव उनका ऋणी रहेगा।
सम्मान समारोह में अतिरिक्त कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय महादेवा सहित अन्य राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




