शांति व यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने उतरी पुलिस

नारायणपुर में फ्लैग मार्च, नियम तोड़ने वालों को दी सख्त चेतावनी
नारायणपुर (छ.ग.), 14 जनवरी। नगर क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से नारायणपुर पुलिस ने बुधवार को व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के आदेशानुसार आयोजित इस मार्च के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाने के साथ-साथ यातायात नियमों के पालन को लेकर कड़ी समझाइश दी गई।
फ्लैग मार्च का शुभारंभ हाई स्कूल ग्राउंड से हुआ, जो पुराना बस स्टैंड, जयस्तंभ चौक, बंधवा तालाब, बखरूपरा, जगदीश मंदिर, बुधवार बाजार पारा, सोनपुर रोड और चांदनी चौक से होते हुए पुनः हाई स्कूल ग्राउंड में संपन्न हुआ। मार्च के दौरान पुलिस बल की सशक्त उपस्थिति से पूरे नगर में अनुशासन और सतर्कता का संदेश गया।

यातायात नियमों का पालन अनिवार्य
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया स्वयं मौजूद रहे और नागरिकों को शांति व्यवस्था बनाए रखने, सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त रखने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वालों को विशेष रूप से चेताया गया।
अवैध पार्किंग व अतिक्रमण पर सख्ती
सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर अवैध रूप से वाहन पार्क करने वालों को सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में अवैध पार्किंग और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नगर क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी संबंधित लोगों को दिए गए।
पुलिस–जन सहयोग की अपील
नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहभागी बनें और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ अन्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
अधिकारी व बल रहा मौजूद
फ्लैग मार्च में पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अनुविभागीय दंडाधिकारी अभ्यजीत मांडवी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस लोकेश बंसल, उप पुलिस अधीक्षक आशीष नेताम, रक्षित निरीक्षक मोहसिन खान, निरीक्षक मुकेश पटेल सहित 200 से अधिक पुलिस अधिकारी व जवान शामिल रहे।
नगर में शांति और अनुशासन बनाए रखने की दिशा में यह फ्लैग मार्च पुलिस की सक्रिय और सजग रणनीति का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।




