नारायणपुर

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता की पहल

नारायणपुर से अबूझमाड़ तक निकली बाइक रैली, पीस हाफ मैराथन का हुआ जोरदार प्रमोशन

नारायणपुर | जिले में 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत शुक्रवार को जन-जागरूकता का प्रभावी संदेश देते हुए एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली नारायणपुर जिला मुख्यालय से प्रारंभ होकर अबूझमाड़ क्षेत्र के कच्चापाल तक पहुंची। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा, हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, यातायात नियमों के पालन के साथ ही आगामी 31 जनवरी को प्रस्तावित अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया।

बाइक रैली में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी प्रतिभागी हेलमेट पहनकर रैली में शामिल हुए और सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर आमजन को समझाइश दी गई कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित विषय नहीं, बल्कि यह सीधे जीवन की रक्षा से जुड़ा हुआ है।

यातायात नियमों का पालन जीवन रक्षा का आधार : एसपी
पुलिस अधीक्षक राबिंसन गुड़िया ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत यह बाइक रैली नारायणपुर से अबूझमाड़ के कुतुल क्षेत्र तक आयोजित की गई। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व से अवगत कराना तथा 31 जनवरी को आयोजित होने वाली अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं है, बल्कि यह शांति, विकास और विश्वास का प्रतीक है। यह आयोजन अबूझमाड़ क्षेत्र में स्थापित हो रही शांति और तेजी से हो रहे विकास कार्यों को देश-दुनिया के सामने लाने का सशक्त माध्यम बनेगा। साथ ही, चार दशकों तक नक्सलवाद की पीड़ा झेल चुके ग्रामीणों के मन में आज़ादी, सुरक्षा और सकारात्मक भविष्य के प्रति विश्वास को मजबूत करने का प्रयास भी है।

सकारात्मक बदलावों से जोड़ रही है बाइक रैली : अपर कलेक्टर
अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिलेभर में लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है और उनके पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाइक रैली के माध्यम से अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन से आमजन को जोड़कर क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों से उन्हें रूबरू कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ आज केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि शांति, विकास और नई पहचान का प्रतीक बनता जा रहा है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

सड़क सुरक्षा का संदेश, शांति की नई पहचान
बाइक रैली के दौरान पूरे मार्ग में लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभागियों का स्वागत किया। जगह-जगह लोगों को पंपलेट वितरित कर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। रैली ने जहां सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता को मजबूती दी, वहीं अबूझमाड़ के बदलते स्वरूप, शांति और विकास की नई पहचान को भी प्रभावशाली ढंग से सामने रखा।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत आयोजित यह रैली जिले में सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, वहीं अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के प्रति लोगों में उत्साह और सहभागिता बढ़ाने में भी यह पहल कारगर साबित हुई है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page