रात्रिकालीन वीर स्मृति पुलिस प्रीमियर लीग का शुभारंभ
अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के प्रचार को खेल का मंच, जवानों में बढ़ेगा तालमेल

आयोजन का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा बलों के जवानों के बीच आपसी तालमेल, भाईचारा और सौहार्द को सुदृढ़ करना है। साथ ही यह प्रतियोगिता आगामी 31 जनवरी को आयोजित होने वाली अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन से अधिकाधिक लोगों को जोड़ने और भागीदारी के लिए प्रेरित करने का माध्यम भी है।
उद्घाटन अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा ने बताया कि रात्रिकालीन वीर स्मृति पुलिस प्रीमियर लीग को अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के प्रचार (प्रोमोशन) के रूप में आयोजित किया गया है। क्षेत्र में शांति बहाली के लिए तैनात विभिन्न सुरक्षा बलों की भागीदारी से खेल के माध्यम से समन्वय और टीम स्पिरिट को मजबूती मिलेगी।
प्रतियोगिता की शुरुआत सद्भावना मैच से हुई, जिसमें पुलिस इलेवन और पत्रकार इलेवन आमने-सामने रहीं। रोमांचक मुकाबले में पत्रकार इलेवन ने पुलिस इलेवन को 7 विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की। आयोजन ने खेल भावना को प्रोत्साहित करने के साथ शांति, एकता और सकारात्मक संदेश दिया है, जिससे आमजन की सहभागिता भी बढ़ रही है।




