मुख्यमंत्री कार्यक्रम व अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन रूट का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के दिए निर्देश

नारायणपुर | जिले में 30 एवं 31 जनवरी को प्रस्तावित मुख्यमंत्री कार्यक्रम तथा अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के पांचवें संस्करण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने गुरुवार को मैराथन रूट सहित कार्यक्रम स्थलों का स्थल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हेलीपेड स्थल, गढ़बेंगाल घोटूल, कुरुषनार स्थित उचित मूल्य दुकान तथा कुरुषनार स्कूल परिसर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थलों पर की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


कलेक्टर नम्रता जैन ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम एवं अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन आयोजन की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुचारू एवं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मंच, पंडाल एवं साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मैराथन दौड़ मार्ग पर बनाए जा रहे स्वागत प्वाइंट्स का भी अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि प्रतिभागियों एवं अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




