नारायणपुर

मुख्यमंत्री कार्यक्रम व अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा

अधिकारियों को समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश

नारायणपुर, 27 जनवरी। जिले में 31 जनवरी 2026 को प्रस्तावित मुख्यमंत्री कार्यक्रम एवं अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के पांचवें संस्करण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर नम्रता जैन ने सोमवार को मैराथन रूट और कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पुराना बस स्टैंड, जय स्तंभ चौक, माड़िया चौक, बाजार स्थल बखरूपारा, अटल परिसर, जगदीश मंदिर, सोनपुर रोड, चांदनी चौक, नगरपालिका कार्यालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम, इमलीपदर, ब्रेहबेड़ा, कुरूषनार होते हुए बासिंग स्थित मैराथन के समापन स्थल तक पूरे रूट का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न स्थलों पर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

कलेक्टर जैन ने जिला स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम और हाफ मैराथन जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर मंच, पंडाल, साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, बेरिकेटिंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, प्रशस्ति पत्र व मेडल वितरण जैसी सभी तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं। इसके साथ ही उन्होंने मैराथन दौड़ मार्ग में बनाए जाने वाले स्वागत प्वाइंट्स का अवलोकन करते हुए वहां भी तय समय में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अबूझमाड़ क्षेत्र के प्रवेश द्वार कुरूषनार में स्थित उचित मूल्य दुकान के रंग-रोगन के निर्देश दिए। साथ ही बालक आश्रम में अतिरिक्त कक्ष एवं शौचालय निर्माण के लिए जनपद सीईओ को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से अबूझमाड़ क्षेत्र की सकारात्मक छवि राष्ट्रीय स्तर पर सामने आएगी, ऐसे में बुनियादी सुविधाओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

इसके पश्चात कलेक्टर कुंदला पहुंचीं, जहां प्रस्तावित मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, अतिथि व्यवस्था, सुरक्षा, आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करें।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डॉ. सुमित गर्ग, डिप्टी कलेक्टर डीके कोशले, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास राजेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता संजय चौहान, आरईएस के कार्यपालन अभियंता रमेश कुमार नेताम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन जिले की पहचान बन चुकी है और इसके माध्यम से शांति, विकास और सामाजिक सौहार्द का संदेश देशभर में जाता है। ऐसे में प्रशासन द्वारा की जा रही यह तैयारियां आयोजन को सफल और यादगार बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही हैं।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page