बालक उमावि में शहीद दिवस पर स्मारक स्थापित
श्रद्धा व सम्मान के साथ दी गई शहीदों को श्रद्धांजलि

नारायणपुर | 30 जनवरी 2026
शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि एवं स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में शहीद दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया गया।
इस अवसर पर शिक्षक पुष्कर नायक ने महात्मा गांधी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों की महत्ता बताई। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए सेनानियों के त्याग और बलिदान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्रभक्ति, नैतिकता और कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में एक स्मारक की स्थापना की गई। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को देश की आजादी के लिए किए गए बलिदानों की निरंतर याद दिलाता रहेगा।
विद्यालय के प्राचार्य मनोज बागड़े ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी और स्वतंत्रता सेनानियों का जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग और कर्तव्यबोध का प्रेरणास्रोत है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे शहीदों के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रधान अध्यापक यू. एस. यादव सहित समस्त शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।




