नेताजी की जयंती पर उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब नारायणपुर में धूमधाम से मनी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती, नेताजी चौक पर ऐतिहासिक श्रद्धांजलि

नारायणपुर | नगर सहित पूरे जिले में गुरुवार को महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, आज़ाद हिंद फौज के संस्थापक एवं सर्वोच्च सेनानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती राष्ट्रभक्ति, उत्साह और गौरव के वातावरण में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर नारायणपुर जिला मुख्यालय सहित डीएनके कॉलोनी, बंगालापारा, बखरूपारा, छोटेडोंगर, आश्रम, धौड़ाई समेत जिले के विभिन्न अंचलों से बड़ी संख्या में बंगबंधु एकत्रित हुए और नेताजी के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की।
जयंती के अवसर पर नेताजी चौक को विशेष साज-सज्जा से सजाया गया। तिरंगे, पुष्पमालाओं, रंगीन रोशनी और देशभक्ति संदेशों से सुसज्जित नेताजी चौक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी वातावरण में तब्दील हो गया। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ नेताजी चौक स्थित सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि ब्रह्मचारी नरेंद्र महाराज सहित उपस्थित नागरिकों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और बंगाली समाज के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रगान गाकर नेताजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में शामिल लोगों ने “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा”, “नेताजी अमर रहें”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” जैसे गगनभेदी नारों से पूरे नगर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। वातावरण देशप्रेम और गौरव से ओतप्रोत नजर आया।
नेताजी के पदचिन्हों पर चलना हर देशवासी का कर्तव्य : कार्तिक नंदी
नारायणपुर बंगाली एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कार्तिक नंदी ने कहा कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पूरे हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाई गई। उन्होंने कहा कि नेताजी ने आज़ाद हिंद फौज का गठन कर न केवल भारत, बल्कि संपूर्ण विश्व पटल पर अपनी असाधारण नेतृत्व क्षमता, संगठन कौशल और अदम्य साहस का परिचय दिया।
उन्होंने कहा, “नेताजी की सोच, त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों को स्मरण करना और उनके पदचिन्हों पर चलना आज प्रत्येक देशवासी का नैतिक दायित्व है।”
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं नेताजी के विचार : डॉ. बेनर्जी
नारायणपुर बंगाली एसोसिएशन के प्रवक्ता डॉ. अभिषेक बेनर्जी ने कहा कि नेताजी केवल एक महान व्यक्ति नहीं, बल्कि एक सशक्त विचारधारा हैं, जो आज भी देश के युवाओं को आत्मसम्मान, स्वाभिमान, साहस और बलिदान की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि नेताजी का ओजस्वी उद्घोष आज भी हर भारतीय की रगों में ऊर्जा भर देता है।
डॉ. बेनर्जी ने कहा कि नेताजी की वीरता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को आत्मसात करना आज की युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभा सकें।
राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ संपन्न हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी सहभागियों का आभार व्यक्त किया और नेताजी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम जिले में राष्ट्रभक्ति, एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम बना।




