नक्सल प्रभावित अंचल से राष्ट्रीय पहचान तक: अजमत फरीदी बने बेस्ट चाइल्ड एक्टर

नारायणपुर |
नारायणपुर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र से निकलकर फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बना चुके होनहार बाल कलाकार अजमत फरीदी ने एक बार फिर जिले, बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। छत्तीसगढ़ी फिल्म “मोर छैया भुइयां पार्ट–3” में प्रभावशाली अभिनय के लिए उन्हें बेस्ट चाइल्ड एक्टर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। वहीं इसी फिल्म को छत्तीसगढ़ फिल्म फेयर के अंतर्गत बेस्ट मूवी और मूवी ऑफ द ईयर का प्रतिष्ठित पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है।
मिडिल क्लास परिवार से फिल्मी मुकाम तक का सफर
अजमत फरीदी की सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि वे एक सामान्य मिडिल क्लास परिवार से आते हैं। उनके पिता समीर फरीदी अबूझमाड़ क्षेत्र के ओरछा जनपद पंचायत में सहायक ग्रेड–3 के पद पर पदस्थ हैं, जबकि माता सफीना फरीदी बाल विकास विभाग में कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों और माता-पिता की शासकीय जिम्मेदारियों के बावजूद परिवार ने अजमत की प्रतिभा को आगे बढ़ाने में हरसंभव सहयोग दिया।
दादा एस.बी. फरीदी बने मजबूत सहारा
अजमत के फिल्मी सफर में उनके दादा एस.बी. फरीदी की भूमिका अहम रही है। सेवानिवृत्त शिक्षक एस.बी. फरीदी शूटिंग के दौरान अजमत के साथ रहकर न केवल उनकी देखरेख करते हैं, बल्कि अनुशासन और पढ़ाई पर भी विशेष ध्यान देते हैं। दादा के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग ने अजमत को आत्मविश्वास और संतुलन प्रदान किया है।
पढ़ाई के साथ अभिनय में भी अव्वल
अजमत फरीदी वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय में अध्ययनरत हैं। वे शिक्षा के साथ-साथ अभिनय के क्षेत्र में भी पूरी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उनका जीवन यह संदेश देता है कि सही दिशा और समर्पण से पढ़ाई और कला दोनों में सफलता पाई जा सकती है।
इंडिया गॉट टैलेंट से मिली राष्ट्रीय पहचान
उल्लेखनीय है कि अजमत फरीदी इससे पहले इंडिया गॉट टैलेंट जैसे राष्ट्रीय मंच पर मलखान टीम के साथ पहुंचकर नारायणपुर, बस्तर और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस प्रतियोगिता में टीम ने देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया था। इस मंच पर उनकी प्रतिभा की सराहना शिल्पा शेट्टी और प्रसिद्ध गायक बादशाह जैसे दिग्गजों ने की थी। इसी पहचान के बाद उन्हें फिल्म “मोर छैया भुइयां पार्ट–3” में बाल कलाकार के रूप में अवसर मिला।
छत्तीसगढ़ी फिल्मों में लगातार मिल रहे अवसर
फिलहाल अजमत फरीदी छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री की अन्य फिल्मों में भी महत्वपूर्ण बाल भूमिकाएं निभा रहे हैं। कई प्रोजेक्ट्स की शूटिंग जारी है और कम उम्र में मिली यह उपलब्धि उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव मानी जा रही है।
जिले में खुशी की लहर, बधाइयों का तांता
बेस्ट चाइल्ड एक्टर अवार्ड मिलने की खबर के बाद नारायणपुर जिले में खुशी की लहर है। जिलेवासियों ने अजमत फरीदी, उनके माता-पिता और दादा एस.बी. फरीदी को बधाइयां देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
निश्चित रूप से अजमत फरीदी की यह सफलता नारायणपुर ही नहीं, बल्कि पूरे बस्तर और छत्तीसगढ़ के बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो यह साबित करती है कि प्रतिभा, परिश्रम और पारिवारिक सहयोग से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।




