झूठी व नकारात्मक खबर की धमकी देकर रकम मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
पत्रकारिता की आड़ में अवैध वसूली का भंडाफोड़

पत्रकारिता की आड़ में अवैध वसूली का भंडाफोड़
झूठी व नकारात्मक खबर की धमकी देकर रकम मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
नारायणपुर। पत्रकारिता की आड़ में झूठी एवं नकारात्मक खबर बनाकर अवैध वसूली करने वाले दो आरोपियों को नारायणपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में जिले में अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी स्वयं को विभिन्न समाचार चैनलों एवं पोर्टलों से जुड़ा पत्रकार बताकर शिक्षकों को बदनाम करने की धमकी देते थे और इसके एवज में रकम की मांग करते थे। मामले में नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक शिक्षक से अवैध वसूली की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
झूठी खबर प्रकाशित करने की दी थी धमकी
प्रकरण में आरोप है कि आरोपी “स्वदेश न्यूज़ इंडिया 24 न्यूज़”, “ग्रैंड न्यूज़”, “सीजी वार्ता” और “भारत भास्कर समाचार चैनल” से जुड़े होने का दावा करते हुए झूठी व बदनाम करने वाली खबर प्रकाशित व प्रसारित करने की धमकी देकर रकम की मांग कर रहे थे।
शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
दिनांक 7 जनवरी 2026 को प्रार्थी भुनेश्वर कर्मा ने थाना नारायणपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की संलिप्तता प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाई गई।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में
गेंद लाल मरकाम उर्फ गोलू मरकाम (32 वर्ष) तथा
संतोष नाग (40 वर्ष) शामिल हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इसी तरह कई अन्य शिक्षकों से भी झूठी खबर बनाकर अवैध वसूली कर चुके हैं। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 16 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस ने दोहराई सख्ती की प्रतिबद्धता
नारायणपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पत्रकारिता की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक पीयूष कटियार, उप निरीक्षक राजकुमार राय, सहायक उप निरीक्षक गणेश मांडवी, प्रधान आरक्षक राकेश राजपूत एवं आरक्षक शंकर गोटा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




