नारायणपुर

जनदर्शन में कलेक्टर नम्रता जैन ने सुनी आमजन की समस्याएं

आवेदनों के शीघ्र निराकरण का दिलाया भरोसा, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

नारायणपुर | प्रतिनिधि

नारायणपुर कलेक्ट्रेट कार्यालय में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के विभिन्न ग्रामों से पहुंचे आम नागरिकों से सीधी मुलाकात कर उनकी समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं। कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश देते हुए आवेदकों को शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया।

जनदर्शन में ग्राम माहका के सियाराम द्वारा धान पंजीयन की त्रुटि सुधार, केयेराम पोटाई द्वारा श्रवण यंत्र प्रदाय, ग्राम पंचायत माहका के सरपंच द्वारा आवश्यक निर्माण कार्यों की स्वीकृति, डाकपारा में नवीन आंगनबाड़ी केंद्र स्थापना, जिला अध्यक्ष केपी सागर द्वारा संविदा कर्मचारी प्रकरण में एफआईआर एवं विभागीय जांच की मांग सहित अनेक आवेदन प्रस्तुत किए गए।

इसी क्रम में बालक आश्रम भाटपाल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की आवश्यकता, कन्या आश्रम शाला बेनूर में भृत्य पद की मांग, बीएससी नर्सिंग अध्ययन हेतु आर्थिक सहायता, विद्युत पोल हटाने, जर्जर शासकीय भवन के ध्वस्तीकरण अथवा जीर्णोद्धार, डिजिटल राशन वितरण प्रणाली में बुजुर्गों के लिए मानवीय विकल्प बहाल करने, जिले में रेत खदान आबंटन न होने से विकास कार्यों में आ रही बाधा, राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान नियमित पानी छिड़काव, नल-जल योजना के अधूरे कार्य एवं पानी टंकी की गुणवत्ता संबंधी शिकायतें भी सामने आईं।

इसके अलावा पर्यटन स्थल शांत सरोवर बांध तक पहुंच मार्ग निर्माण, रावघाट माइंस प्रभावित ग्राम खैराभाट में सांस्कृतिक संरक्षण हेतु घोटूल भवन निर्माण, वन पट्टा से धान खरीदी, गौवंश पशु प्रदाय, गोठान मार्ग सुधार, सरस मेला में भाग लेने वाले समूहों को यात्रा एवं माल भाड़ा भुगतान, गौ पालन शेड निर्माण सहित अनेक जनहित से जुड़े मामलों पर भी कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि जनदर्शन शासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। प्रत्येक आवेदन पर गंभीरतापूर्वक विचार कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

फोटो विवरण:
कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर नम्रता जैन आम नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए एवं आवेदन लेते हुए। दूसरी तस्वीरों में विभिन्न ग्रामों से पहुंचे लोग अपनी समस्याएं रखते नजर आ रहे हैं।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page