गणतंत्र दिवस की तैयारियां अंतिम चरण में, फुल ड्रेस रिहर्सल का कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण

नारायणपुर |
जिले में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। राष्ट्रीय पर्व के सफल और गरिमामय आयोजन हेतु बुधवार प्रातः 9 बजे जिला मुख्यालय स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल का निरीक्षण कलेक्टर नम्रता जैन एवं पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने किया और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।


फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि की भूमिका में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो की उपस्थिति में संपूर्ण कार्यक्रम का अभ्यास किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के आगमन, ध्वज फहराने, मार्चपास्ट, जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, स्कूली छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड कमांडरों से परिचय, शहीदों के परिजनों से मुलाकात एवं सम्मान तथा पुरस्कार वितरण सहित सभी प्रमुख कार्यक्रमों का क्रमवार रिहर्सल किया गया।

रिहर्सल के दौरान कलेक्टर नम्रता जैन ने प्रत्येक गतिविधि का सूक्ष्म अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम को और अधिक अनुशासित, प्रभावी एवं गरिमामय बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समय-पालन, मंच व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, अतिथियों के स्वागत तथा दर्शक व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने सुरक्षा व्यवस्था एवं परेड से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मांडवी, जनपद सीईओ सुनील कुमार सोनपिपरे, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नारायण प्रसाद साहू एवं परियोजना अधिकारी प्रतिभा शर्मा द्वारा किया गया।
प्रशासन ने विश्वास जताया कि सभी तैयारियों के साथ गणतंत्र दिवस समारोह गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न होगा।




