नारायणपुर

वीर स्मृति पुलिस प्रीमियर लीग : सुपर लीग नॉकआउट में आईटीबीपी का दबदबा

तीनों मुकाबलों में शानदार जीत, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

नारायणपुर। वीर स्मृति पुलिस प्रीमियर लीग क्रिकेट कप–2026 के तहत क्रीड़ा परिसर खेल मैदान, नारायणपुर में सुपर लीग नॉकआउट राउंड के रोमांचक मुकाबले खेले गए। मैचों में खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का बेहतरीन प्रदर्शन किया। दिन भर चले मुकाबलों में आईटीबीपी की टीमों का दबदबा देखने को मिला।

पहले सुपर लीग नॉकआउट मुकाबले में नारायणपुर उपखंड और 44वीं वाहिनी आईटीबीपी आमने-सामने रही। नारायणपुर उपखंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 8 विकेट खोकर 34 रन बनाए। जवाब में 44वीं वाहिनी आईटीबीपी ने 3.1 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया। इस मैच में धनुज को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्होंने गेंदबाजी में 2 ओवर में 1 मेडन सहित 7 रन देकर 2 विकेट लिए, वहीं बल्लेबाजी में 2 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाकर 10 रन बनाए।

दूसरे नॉकआउट मुकाबले में 133वीं वाहिनी बीएसएफ और 38वीं वाहिनी आईटीबीपी के बीच मुकाबला हुआ। बीएसएफ की टीम 9.1 ओवर में 60 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए 38वीं वाहिनी आईटीबीपी ने 4.5 ओवर में एक विकेट खोकर 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में सुमित कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने 20 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 52 रन की विस्फोटक पारी खेली।

दिन का अंतिम मुकाबला 53वीं वाहिनी आईटीबीपी और आयरन XI छोटेडोंगर उपखंड के बीच खेला गया। 53वीं वाहिनी आईटीबीपी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 8 विकेट पर 91 रन बनाए। जवाब में आयरन XI छोटेडोंगर उपखंड की टीम 10 ओवर में 9 विकेट खोकर 62 रन ही बना सकी। इस तरह 53वीं वाहिनी आईटीबीपी ने मुकाबला 29 रन से अपने नाम किया। इस मैच में प्रदीप को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जिन्होंने 2 ओवर में 1 मेडन सहित मात्र 2 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके।

आज होंगे तीन मुकाबले
सुपर लीग नॉकआउट राउंड के अंतिम दिन आज क्रीड़ा परिसर खेल मैदान, नारायणपुर में तीन मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला बेनूर उपखंड और एसटीएफ के बीच शाम 6 बजे, दूसरा मुकाबला डीआरजी और 45वीं वाहिनी आईटीबीपी के बीच शाम 7 बजे तथा अंतिम मुकाबला पुलिस अधीक्षक कार्यालय और जेल नारायणपुर के बीच रात 8 बजे खेला जाएगा।

वीर स्मृति पुलिस प्रीमियर लीग–2026 का आयोजन पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों और प्रशासनिक इकाइयों के बीच आपसी सौहार्द, टीम भावना, अनुशासन और शारीरिक-मानसिक सुदृढ़ता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर मुकाबलों का आनंद लेने की अपील की गई है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page