नारायणपुर

सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर–एसपी सख्त

नारायणपुर शहर में ब्लैक स्पॉट चिन्हांकित, ट्रैफिक अनुशासन मजबूत करने शुरू हुआ विशेष अभियान

नारायणपुर। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नारायणपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान दुर्घटनाजन्य संवेदनशील स्थानों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हांकित कर संबंधित विभागों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास आवश्यकतानुसार स्टॉपर लगाए गए हैं। वहीं आवारा पशुओं के गले में रिफ्लेक्टर बेल्ट लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं, जिससे रात में सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
कलेक्टर और एसपी ने स्पष्ट कहा कि बिना लाइसेंस वाहन चलाने, तेज रफ्तार, ट्रिपल सवारी, बिना हेलमेट या बिना सीट-बेल्ट वाहन चलाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर भी युक्तियुक्त प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। नो-एंट्री के दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णत: वर्जित रहेगा। साथ ही भारी वाहनों में आगे-पीछे रेडियम पट्टी और संकेतक लाइट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।

शहर के अंदर रोड किनारे अनियंत्रित और असुरक्षित तरीके से वाहन पार्किंग पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस ने सभी वाहन चालकों को वैधानिक कार्रवाई से बचने के लिए नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

“सड़क सुरक्षा सामाजिक जिम्मेदारी” – पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा— “सुरक्षित सड़कें किसी भी विकसित समाज का आधार होती हैं। सड़कें सिर्फ आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक प्रगति की धुरी भी हैं। किंतु नियमों की अनदेखी इन्हीं सड़कों को हादसों का कारण बना देती है। बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं न केवल मानवीय क्षति का कारण हैं, बल्कि परिवार और समाज की प्रगति पर भी गहरा असर डालती हैं।”
उन्होंने यातायात नियमों को जीवन सुरक्षा का हिस्सा मानकर कठोरतापूर्वक पालन करने की अपील की।

नारायणपुर पुलिस की आम जनता से अपील
पुलिस ने नागरिकों से वाहन निर्धारित गति में चलाने, हेलमेट और सीट-बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाने, मोबाइल फोन से दूरी रखते हुए सड़क पर ध्यान केंद्रित करने और दुर्घटना होने पर घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की अपील की है।
पुलिस ने कहा कि सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन कर ही बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page