विशेष बच्चों के बीच मनाया जन्मदिन, सेवा भाव की मिसाल बना “आओ बाँटें खुशियाँ” अभियान

नारायणपुर, 30 दिसंबर। शासकीय सेवा को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की पहल जिले में लगातार नई मिसाल कायम कर रही है। “आओ बाँटें खुशियाँ” अभियान के तहत डिप्टी कलेक्टर डीके कोसले ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित शासकीय बौद्धिक मंद बालिका विशेष विद्यालय, सुलेंगा में विशेष बच्चों के बीच अपना जन्मदिन मनाकर मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया।

कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस आयोजन में डिप्टी कलेक्टर कोसले अपने परिवार के साथ विद्यालय पहुंचे। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना और न्योता भोज की भावना के अनुरूप छात्राओं के साथ केक काटा गया तथा फल व पौष्टिक आहार का वितरण किया गया। बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उन्होंने उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा विद्यालय स्टाफ के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश भी स्पष्ट रूप से सामने आया कि शासकीय सेवक यदि अपने व्यक्तिगत अवसरों को समाज सेवा से जोड़ें तो उसका सकारात्मक प्रभाव दूर तक जाता है। विशेष बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान और उल्लास ने पूरे वातावरण को भावनात्मक और प्रेरणादायी बना दिया।
“आओ बाँटें खुशियाँ” अभियान अब जिले में सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण बनकर उभर रहा है।




