नारायणपुर

बंधुआ तालाब व सामुदायिक शौचालय का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

सौंदर्यीकरण कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण पूर्ण करने के निर्देश

नारायणपुर | प्रतिनिधि

कलेक्टर नम्रता जैन ने शहर के मध्य स्थित बंधुआ तालाब तथा नया बस स्टैंड परिसर में बने सामुदायिक शौचालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंधुआ तालाब में चल रहे वॉकवे निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष कोर्राम ने कलेक्टर को अवगत कराया कि 52 एकड़ क्षेत्र में फैले बंधुआ तालाब के चारों ओर लगभग 1600 मीटर लंबा वॉकवे निर्माणाधीन है। इस पर कलेक्टर जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने ठेकेदार से कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए आगामी सोमवार से पेवर ब्लॉक का कार्य प्रारंभ करने, दोनों ओर से एक साथ निर्माण कार्य बढ़ाने तथा मजदूरों की संख्या में वृद्धि कर एक सप्ताह के भीतर ठोस प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सीएमओ को तालाब की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और सौंदर्यीकरण कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बंधुआ तालाब शहर की पहचान है, इसके सौंदर्यीकरण से नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधा मिलेगी।

इसके बाद कलेक्टर नम्रता जैन ने नया बस स्टैंड स्थित सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, पानी की उपलब्धता सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान दो नवनिर्मित शौचालय भवनों को शीघ्र हैंडओवर कर संचालन में लाने तथा एक भवन को महिलाओं के लिए आरक्षित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय एसडीएम नारायणपुर अभयजीत मण्डावी, नगर पालिका के अभियंता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page