नारायणपुर

पुलिस भर्ती में अनियमितताओं के आरोप, NSUI व युवाओं की 50 किमी पदयात्रा

नारायणपुर।

पुलिस भर्ती परीक्षा 2023–24 में कथित अनियमितताओं को लेकर नारायणपुर जिले में युवाओं का आक्रोश सड़कों पर नजर आया। राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के बैनर तले स्थानीय युवाओं ने नारायणपुर से कोंडागांव तक लगभग 50 किलोमीटर की पैदल पदयात्रा शुरू की। यह पदयात्रा हाई स्कूल मैदान, नारायणपुर से प्रारंभ होकर कोंडागांव स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक निकाली जा रही है।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस भर्ती प्रक्रिया में गंभीर स्तर पर गड़बड़ियां हुई हैं। अभ्यर्थियों ने भर्ती सूची में एक ही आवेदन क्रमांक पर कई नाम होने जैसे मामलों पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की। युवाओं का कहना है कि नारायणपुर जिले के लिए आरक्षित 400 से अधिक पदों में से केवल 10 से 15 स्थानीय अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि अधिकांश पदों पर अन्य जिलों के अभ्यर्थियों को नियुक्त किया गया है।

प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना है कि पहले से ही रोजगार के सीमित अवसरों से जूझ रहे स्थानीय युवाओं के साथ यह अन्याय है। उनका आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय हितों की अनदेखी की गई है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देते हुए भर्ती प्रक्रिया पुनः कराने की मांग की।

एनएसयूआई जिला अध्यक्ष विजय सलाम ने कहा कि पूर्व में कांग्रेस सरकार के दौरान बस्तर फाइटर और शिक्षक भर्ती में स्थानीय आदिवासी युवाओं को प्राथमिकता दी गई थी, लेकिन वर्तमान में स्थानीय युवाओं के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।

पदयात्रा के दौरान नारायणपुर से बाहर गढ़बेंगाल क्षेत्र के पास पुलिस ने युवाओं को रोकने का प्रयास किया, जहां हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। हालांकि बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने के चलते पुलिस को पीछे हटना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कोंडागांव पहुंचकर प्रदर्शनकारी पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपेंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page