नक्सल क्षेत्र में तैनात बीएसएफ जवान ने खुद को मारी गोली
कैंप के भीतर फायरिंग से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ के जवान ने आत्महत्या कर ली। घटना जिले के होरादी सुरक्षा कैंप की है, जहां जवान ने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। फायरिंग की आवाज से कैंप में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक जवान की पहचान सचिन कुमार, निवासी उत्तर प्रदेश, के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और बीएसएफ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी हमले या नक्सली घटना की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार जवान पिछले कुछ समय से कैंप में तैनात था। घटना के बाद बीएसएफ अधिकारियों द्वारा आंतरिक जांच भी शुरू कर दी गई है। जवान के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
नक्सल मोर्चे पर तैनात जवान की इस दुखद घटना से सुरक्षा बलों में शोक की लहर है।




