कलेक्टर नम्रता जैन ने मीडिया प्रतिनिधियों से की प्रेसवार्ता
अबूझमाड़ के बच्चों को आईआईटी-एनआईटी व नीट की तैयारी के लिए मिलेगा प्रशासनिक संबल

नारायणपुर, 22 दिसम्बर 2025। नवपदस्थ कलेक्टर नम्रता जैन ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के मीडिया प्रतिनिधियों से परिचयात्मक प्रेसवार्ता की। उन्होंने पत्रकारों से जिले के सर्वांगीण विकास में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए रचनात्मक सुझाव आमंत्रित किए।

प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों ने नगर की सड़कों, तालाबों व सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था सहित बुनियादी सुविधाओं में सुधार के सुझाव रखे। कलेक्टर जैन ने सुझावों को गंभीरता से लेते हुए बंधुआ तालाब के सौंदर्यीकरण, बाइपास सड़क, ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना तथा नारायणपुर-कोंडागांव सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की बात कही।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अबूझमाड़ क्षेत्र का विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता में रहेगा। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए चिकित्सकों की उपलब्धता, शिक्षा, पेयजल व सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं पर प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ क्षेत्र के मेधावी बच्चों को आईआईटी, एनआईटी और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिला प्रशासन की ओर से प्रोत्साहन व आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
पर्यटन को लेकर उन्होंने बताया कि जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का सर्वेक्षण कर पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं ग्रामों की संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए ग्राम पंचायतों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पत्रकारों ने माइस वाहनों के निर्धारित समय पर संचालन का मुद्दा भी उठाया, जिस पर कलेक्टर ने निराकरण का आश्वासन दिया।
प्रेसवार्ता में कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में पर्याप्त बारदाना, पेयजल व शौचालय सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए पारदर्शिता के साथ खरीदी कराने की जानकारी दी। साथ ही जिले के बच्चों को नवोदय व केंद्रीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने की भी बात कही।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, जनसंपर्क अधिकारी संतकुमार कच्छप, वरिष्ठ निज सहायक दीपक हिरवानी, जिला समन्वयक जनसंपर्क सुरेश्वर निषाद सहित प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।




