कलेक्टर नम्रता जैन का जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण
मरीजों की जांच रिपोर्ट ऑनलाइन उपलब्ध कराने के निर्देश

एनआरसी में भर्ती माताओं-बच्चों का जाना हालचाल, भोजन गुणवत्ता पर दिया जोर
(कैलाश सोनी) नारायणपुर, 23 दिसम्बर 2025।कलेक्टर नम्रता जैन ने मंगलवार को जिले के स्व. बद्रीनाथ बघेल जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था और चिकित्सकीय सेवाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर जैन ने अस्पताल के नर्सिंग स्टेशन, मरीज परीक्षण कक्ष, महिला मेडिकल कक्ष, आपातकालीन कक्ष, आईसीयू, डिलीवरी कक्ष, बाल चिकित्सा वार्ड, एनआरसी, गहन नवजात शिशु सुरक्षा इकाई, आइसोलेशन कक्ष, सर्जरी कक्ष, पुरुष सर्जिकल वार्ड, बेसिक टेस्ट कक्ष, हमर लैब एवं औषधि भंडार कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।


जांच रिपोर्ट ऑनलाइन उपलब्ध कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नम्रता जैन ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी.आर. कुंवर एवं डिप्टी कलेक्टर सुनील कुमार सोनपिपरे को निर्देशित किया कि मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण की रिपोर्ट ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाए, जिससे मरीजों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े और उपचार में पारदर्शिता बनी रहे।

दवा भंडारण और हमर लैब पर विशेष ध्यान
औषधि भंडार के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दवाइयों के व्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए तथा एक्सपायरी दवाओं को तत्काल हटाकर विनिष्टीकरण करने को कहा। साथ ही, आयरन एवं विटामिन की गोलियों की नियमित आपूर्ति प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हमर लैब निरीक्षण के दौरान कलेक्टर जैन ने वहां खराब पड़े फ्रिज को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए, ताकि जांच नमूनों और दवाओं की गुणवत्ता प्रभावित न हो। उन्होंने चिकित्सकों से हमर लैब की सेवाओं की जानकारी लेते हुए मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की।
एनआरसी में माताओं से संवाद, पोषण पर जोर
इसके पश्चात कलेक्टर नम्रता जैन ने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती बच्चों की माताओं से संवाद कर बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने एएनएम को निर्देशित किया कि माताओं को पौष्टिक भोजन तैयार करने की विधि भी सिखाई जाए, ताकि बच्चे घर लौटने के बाद भी स्वस्थ रह सकें।
आईसीयू, डिलीवरी कक्ष और बाल वार्ड का किया भ्रमण
कलेक्टर ने आईसीयू, डिलीवरी कक्ष, बाल चिकित्सा वार्ड एवं डायलिसिस सेंटर का भ्रमण कर मरीजों का हालचाल जाना। बाल चिकित्सा वार्ड में ईरकभट्टी से प्रसव के लिए भर्ती माता बुलीबाई पोटाई तथा कुकड़ाझोर की माता हेमलता से बातचीत कर नवजात शिशुओं के वजन और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
मातृत्व एवं शिशु अस्पताल तीन माह में पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नम्रता जैन ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन मातृत्व एवं शिशु अस्पताल के कार्यों का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य को आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल परिसर एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग, डीपीएम राजीव कुमार सिंह बघेल, चिकित्सक डॉ. डी.के. कश्यप, डॉ. डी.बी. नाग, वरिष्ठ निज सहायक दीपक हिरवानी सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




