नारायणपुर

अबूझमाड़ में शांति की ओर एक और कदम, कोड़नार में खुला नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैंप

नारायणपुर | 21 दिसंबर 2025

अबूझमाड़ को शांत, उन्नत और नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में नारायणपुर पुलिस ने एक और अहम कदम बढ़ाया है। नक्सलियों की अघोषित राजधानी माने जाने वाले कुतुल क्षेत्र के भीतर ग्राम कोड़नार में नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैंप की स्थापना की गई है। यह कैंप “माड़ बचाओ अभियान” के तहत थाना कोहकामेटा क्षेत्र में खोला गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नारायणपुर पुलिस, डीआरजी और आईटीबीपी की 53वीं, 41वीं, 29वीं व 45वीं वाहिनियों के संयुक्त प्रयास से यह कैंप 20 दिसंबर को स्थापित किया गया। कैंप का उद्देश्य नक्सल विरोधी अभियानों को मजबूती देने के साथ-साथ कोहकामेटा–कच्चापाल–कुतुल–कोड़नार–धोबे एक्सिस तक चल रहे सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों को सुरक्षा प्रदान करना है।

नवीन कैंप खुलने से क्षेत्र के ग्रामीणों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना है। ग्राम कोड़नार जिला मुख्यालय नारायणपुर से लगभग 50 किलोमीटर, थाना कोहकामेटा से 22 किलोमीटर, कच्चापाल से 13 किलोमीटर तथा कुतुल से 6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। कैंप की स्थापना से वरकुर, टेहनार, धुरबेडा, बसुटपारा, परपा, कोडतामरका सहित आसपास के गांवों में सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य, मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा।

नारायणपुर पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं। कुतुल के साथ-साथ कोडलियर, बेडमाकोटी, पदमकोट, कान्दुलपार, नेलांगूर, पांगूड, रायनार, एडजुम, ईदवाया, आदेर, कुड़मेल, कोंगे, सितरम, तोके, जाटलूर, धोबे, डोडीमरका, पदमेटा, लंका, परियादी और अब कोड़नार में कैंप खुल चुके हैं।

इस अभियान में पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बस्तर रेंज जगदलपुर पी. सुन्दराज, पुलिस उप महानिरीक्षक कांकेर रेंज कांकेर अमित कांबले, उप महानिरीक्षक आईटीबीपी संजीव कुमार तथा पुलिस अधीक्षक नारायणपुर रोबिनसन गुरिया के मार्गदर्शन में कार्य किया गया। साथ ही सेनानी संदीप पटेल (16वीं वाहिनी सीएएफ नारायणपुर), संजय कुमार (53वीं वाहिनी आईटीबीपी), राजीव गुप्ता (45वीं वाहिनी आईटीबीपी), नरेंद्र सिंह (41वीं वाहिनी आईटीबीपी), दुष्यंत राज (29वीं वाहिनी आईटीबीपी), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय सबद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, एसडीओपी लौकेश बंसल, उप पुलिस अधीक्षक आशीष नेताम, कुलदीप बंजारे एवं अजय कुमार के नेतृत्व में नारायणपुर डीआरजी, बस्तर फाइटर और आईटीबीपी की विभिन्न वाहिनियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रशासन का मानना है कि कोड़नार में स्थापित यह नवीन कैंप अबूझमाड़ को नक्सलमुक्त कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक मजबूत आधार साबित होगा।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page