अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन–2026 की तैयारी तेज
कलेक्टर व एसपी की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों की बैठक, आयोजन को सफल बनाने पर मंथन

नारायणपुर। अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन–2026 को लेकर जिला पंचायत सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं और पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुरिया की उपस्थिति में जिले के जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों ने आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सभी से सुझाव लेकर कार्यक्रम को बेहतर और सफल बनाने की दिशा में आवश्यक निर्णय लिए गए।

कलेक्टर ममगाईं ने बताया कि मैराथन के सफल संचालन के लिए मंच, पंडाल, सजावट, बैठने की व्यवस्था, बेरिकेटिंग, सुरक्षा, यातायात संचालन, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, प्रशस्ति पत्र, मेडल तथा सड़क मरम्मत जैसे कार्यों को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के पंजीयन, भोजन और रुकने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है ताकि प्रतिभागियों व अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
25 जनवरी को सुबह 6 बजे होगी शुरुआत
अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन का शुभारंभ 25 जनवरी को सुबह 6 बजे परेड ग्राउंड नारायणपुर से किया जाएगा। मैराथन का समापन बासिंग में होगा। नारायणपुर से बासिंग तक प्रमुख मार्गों के दोनों किनारों का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों और दर्शकों को बेहतर वातावरण मिल सके।
मैराथन में विभाजित श्रेणियाँ
दौड़ को विभिन्न वर्गों में बांटा गया है—
- ओपन हाफ मैराथन (महिला व पुरुष) – 21 किमी
- ओपन हाफ मैराथन (बस्तर संभाग स्तर) – 21 किमी
- ओपन हाफ मैराथन (जिला स्तर नारायणपुर) – 21 किमी
- टीम रन (मिक्स रिले – पुरुष/महिला संयुक्त) – 21 किमी
प्रतिभागी आधिकारिक लिंक के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं: runabhujhmad.in
पंजीयन शुल्क इस प्रकार
- जिला नारायणपुर के धावक – पंजीयन नि:शुल्क, मान्य दस्तावेज अनिवार्य
- जिले के बाहर से आने वाले धावक – शुल्क 299 रुपये
- मिक्स क्वॉड टीम रिले – 4 धावकों के लिए कुल 1196 रुपये (प्रति धावक 299 रुपये)
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि टी-शर्ट लेना अनिवार्य नहीं है। केवल वे धावक जिन्हें टी-शर्ट चाहिए, वे 200 रुपये अतिरिक्त जमा कर इसे प्राप्त कर सकेंगे। टी-शर्ट के बिना भी पंजीकृत धावक मैराथन में भाग ले सकेंगे।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी, पार्षद रीता मंडल, खेल अधिकारी डॉ. सुमित गर्ग, पत्रकारगण और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।




