अंतर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता में कृषि महाविद्यालय नारायणपुर का उत्कृष्ट प्रदर्शन

नारायणपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के दक्षिण क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में लिंगों मुदियाल कृषि महाविद्यालय, नारायणपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई विधाओं में स्वर्णिम सफलता हासिल की। प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 29 नवम्बर 2025 तक रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कांकेर में हुआ। बस्तर संभाग के 6 कृषि महाविद्यालयों के कुल 240 खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लिया।

नारायणपुर की 43 सदस्यीय टीम में 40 खिलाड़ी और तीन क्रीड़ा प्रभारी सह टीम मैनेजर—डॉ. मदन लाल कुर्रे, डॉ. सविता आदित्य और डॉ. नवनीत ध्रुवे शामिल थे। अधिष्ठाता डॉ. रत्ना नशीने ने बताया कि प्रतियोगिता में 16 विधाओं के खेल आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने उम्दा खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
कई विधाओं में दमदार उपस्थिति
प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, रिले रेस, 100, 200, 400, 800 और 1500 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, भाला फेंक और तवा फेंक जैसे खेलों को शामिल किया गया था। इन सभी विधाओं में नारायणपुर के खिलाड़ियों ने मजबूत पकड़ दर्ज कराई।
स्वर्णिम सफलता
महाविद्यालय के खिलाड़ी भुवनेश्वर यादव को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बालक वर्ग का श्रेष्ठ खिलाड़ी (Best Player) घोषित किया गया।
बालिका वर्ग की एथलेटिक्स स्पर्धाओं में महाविद्यालय ने 100 मीटर, 200 मीटर और 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार बढ़त बनाई।
बालक वर्ग की रिले रेस टीम ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
बैडमिंटन (बालक एकल) में भी स्वर्ण पदक जीतते हुए खिलाड़ियों ने महाविद्यालय का मान बढ़ाया।
टीम खेलों में भी बेहतरीन प्रदर्शन
खो-खो (बालिका वर्ग) में टीम ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
कबड्डी (बालिका वर्ग) में तीसरा स्थान और
वॉलीबॉल (बालिका वर्ग) में दूसरा स्थान हासिल किया।
महाविद्यालय परिवार में उत्साह
महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से न सिर्फ संस्थान का, बल्कि पूरे नारायणपुर जिले का मान बढ़ाया। अधिष्ठाता डॉ. रत्ना नशीने ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा जताई।
डॉ. पुष्पेंद्र पैंकरा, डॉ. विवेक विश्वकर्मा और राज सिंह सेंगर के विशेष मार्गदर्शन को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. नवीन मरकाम ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग देने की बात कही।
प्राध्यापकगण डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. देवेंद्र कुर्रे, डॉ. विवेक विश्वकर्मा तथा राज सिंह सेंगर ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
नारायणपुर कृषि महाविद्यालय की इस उल्लेखनीय सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि जिले के युवा खेल के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाने की क्षमता रखते हैं।




