नारायणपुर

हेल्थ केयर के विद्यार्थियों ने सीखी अस्पताल की कार्यप्रणाली

शा. बालक उ.मा. विद्यालय नारायणपुर के छात्रों का जिला अस्पताल में औद्योगिक भ्रमण…

नारायणपुर। शासकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर के हेल्थ केयर विषय के विद्यार्थियों ने सोमवार, 3 नवंबर 2025 को जिला अस्पताल नारायणपुर का औद्योगिक भ्रमण किया। यह भ्रमण नीति आयोग के माध्यम से संचालित व्यावसायिक कोर्स (Vocational Course) के तहत आयोजित किया गया, जिसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संस्थान की संरचना, कार्यप्रणाली और सेवाओं से अवगत कराना था, ताकि वे स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को समझ सकें और एक सफल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकें।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को जिला अस्पताल के विभिन्न विभागों का अवलोकन कराया गया। उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, इंजेक्शन रूम, ड्रेसिंग रूम, ऑपरेशन थिएटर, ब्लड बैंक, लैब, मेडिकल व सर्जिकल वार्ड, आईसीयू, एनआईसीयू, न्यूट्रिशन वार्ड, आपातकालीन कक्ष (कैजुअल्टी), फिजियोथेरेपी यूनिट और डिलीवरी रूम का निरीक्षण किया। साथ ही आयुष्मान भारत योजना, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, एचआईवी संक्रमण और हेपेटाइटिस-बी जैसी बीमारियों की जानकारी भी दी गई।

भ्रमण के दौरान सिविल सर्जन बी.के. भोयर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी हरि कीर्तन यादव के मार्गदर्शन में डॉ. हिमांशु सिंह (चिकित्सा अधिकारी) और स्टाफ नर्स वनिता जेकब ने विद्यार्थियों को अस्पताल के विभिन्न विभागों की विस्तृत जानकारी दी।

विद्यालय के प्राचार्य मनोज बागड़े के निर्देशन और हेल्थ केयर की शिक्षिका श्रीमती वर्षा रानी शाहा के मार्गदर्शन में संपन्न हुए इस भ्रमण ने विद्यार्थियों को न केवल व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य क्षेत्र में संभावनाओं को समझने की प्रेरणा भी दी।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, क्योंकि इससे वे वास्तविक कार्यप्रणाली को करीब से समझकर भविष्य में स्वावलंबन और सेवा भावना के साथ समाज में योगदान दे सकते हैं।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page