हनुमान मंदिर समिति में नई टीम का गठन, हेमंत संचेती बने अध्यक्ष
शनिवार–मंगलवार को लगता है भक्तों का रेला, परिसर में दिनभर रहती है भक्ति की छटा

नारायणपुर। नगर के पुराने बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर में शनिवार और मंगलवार को विशेष श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। भोर से ही बजरंगबली के जयकारों के बीच भक्त दर्शन–पूजन के लिए लाइन में लगते हैं। नारियल, सिंदूर, चोला और प्रसाद की सुगंध से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठता है। आसपास के दुकानदार बताते हैं कि इन दोनों दिनों में सैकड़ों लोग यहां दर्शन करने आते हैं, जिससे पूरा क्षेत्र धार्मिक माहौल से सराबोर रहता है।
इसी आध्यात्मिक वातावरण के बीच मंगलवार शाम मंदिर प्रांगण में समिति गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से हेमंत संचेती (राजू) को हनुमान मंदिर समिति का नया अध्यक्ष चुना गया। उनके नाम का प्रस्ताव पूर्व अध्यक्ष तेजप्रकाश सोनी ने रखा, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने समर्थन देकर पारित किया।
नवनियुक्त अध्यक्ष हेमंत संचेती ने सदस्यों द्वारा जताए गए विश्वास के लिए आभार प्रकट करते हुए कहा कि मंदिर संचालन में पारदर्शिता और अनुशासन सर्वोपरि रहेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग की अपील की और बताया कि एक सप्ताह के भीतर नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी जाएगी, जिसमें युवा और अनुभवी दोनों वर्गों को स्थान दिया जाएगा।
बैठक के अंत में पूर्व अध्यक्ष तेजप्रकाश सोनी ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक की समाप्ति की घोषणा की।
मंदिर परिसर में समिति गठन की यह प्रक्रिया श्रद्धालुओं में नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार करती दिखाई दी। पूजा–अर्चना, आयोजन और भक्त-व्यवस्था को और बेहतर बनाए जाने को लेकर लोगों में उत्साह बना हुआ है।




