सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती पर हाई स्कूल मैदान से बखरूपारा तक निकला यूनिटी मार्च
वनमंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप के नेतृत्व में भव्य पदयात्रा

नारायणपुर | 25 नवंबर 2025
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को हाई स्कूल मैदान से बखरूपारा तक एकता मार्च का भव्य आयोजन किया गया। भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी और सरदार पटेल के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। उत्साह से भरे जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन, युवा और बड़ी संख्या में नागरिक मार्च में शामिल हुए तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया।

वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास, सहकारिता और संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप और बस्तर सांसद महेश कश्यप के नेतृत्व में हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया गया।
“एकता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति किसी भी देश को अजेय बनाते हैं” — वनमंत्री कश्यप
वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरदार पटेल द्वारा 562 रियासतों को जोड़कर राष्ट्र निर्माण की जो ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की गई, वह विश्व इतिहास में अद्वितीय है। कश्मीर के भारत में विलय की परिस्थितियाँ कठिन थीं, परंतु पटेल की दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता ने राष्ट्र की एकता को सुरक्षित किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया जाना आदिवासी समाज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने युवाओं से अपने गांव, समाज और देश के प्रति निष्ठा के साथ कार्य करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
“अनुच्छेद 370 हटने के बाद सरदार पटेल का अधूरा सपना पूरा हुआ” — सांसद कश्यप
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि वर्ष 2025 भारत के लिए ऐतिहासिक महत्व का वर्ष है—सरदार वल्लभभाई पटेल, भगवान बिरसा मुंडा और राष्ट्रगीत वंदेमातरम् की 150वीं जयंती तथा छत्तीसगढ़ के गठन के 25 वर्ष पूरा होने के कारण यह वर्ष विशेष रूप से स्मरणीय है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद तीन वर्षों में 562 रियासतों को विलय कर अखंड भारत बनाने का श्रेय सरदार पटेल को जाता है। अनुच्छेद 370 हटने के बाद एक भारत, एक विधान का सपना साकार हुआ है और देश आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद को समाप्त करते हुए 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
नशामुक्त समाज निर्माण का शपथ — जयस्तंभ चौक पर किया माल्यार्पण
पदयात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने महापुरुषों को नमन किया और एकता, राष्ट्रहित में समर्पण तथा नशामुक्त समाज निर्माण का शपथ लिया। जयस्तंभ चौक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। अंतिम पड़ाव पर बखरूपारा पहुंचने पर एनएसएस, स्काउट-गाइड एवं स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं और पदयात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, छोटेडोंगर सरपंच संध्या पवार, जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ओरछा मंगडूराम नूरेटी, वरिष्ठ नागरिक बृजमोहन देवांगन एवं गौतम एस. गोलछा, नगर पालिका पार्षदगण, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत सदस्य, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ एमजी वेंकेटेशा, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, खेल अधिकारी डॉ. सुमित गर्ग, समस्त विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








