विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार बीएलओ सम्मानित
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने प्रशस्ति पत्र देकर किया प्रोत्साहित

नारायणपुर | 25 नवंबर 2025
विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के अंतर्गत मतदाता सूची के शुद्धिकरण तथा नए मतदाताओं के पंजीयन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार बीएलओ को मंगलवार को कलेक्ट्रेट कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। गणना पत्र प्रदान करने, डिजिटाइज़ेशन कार्य तथा समय पूर्व शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के लिए इनको प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिष्ठा ममगाईं ने विधानसभा क्षेत्र नारायणपुर के मतदान केन्द्र सिंगोड़ीतराई क्रमांक 50 के बीएलओ हरेन्द्र कुमार, मतदान केन्द्र गोहड़ा क्रमांक 85 के बीएलओ सोमदेर पोटाई, मतदान केन्द्र पल्लि क्रमांक 114 के बीएलओ नारद राम निषाद तथा मतदान केन्द्र खड़ीबहार क्रमांक 64 के बीएलओ ललीत सुरी को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा इन्युमिरेशन फार्म भरने, सत्यापन, गणना पत्रों के डिजिटाइजेशन और नामांकन प्रक्रिया में सक्रियता से कार्य करने वाले कार्मिकों की सराहना की गई।
“अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला” — कलेक्टर
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि निष्पक्ष और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है। इस महत्वपूर्ण कार्य को निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने वाले कर्मचारी प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को सुचारू व सफलतापूर्वक संपन्न कराने में समर्पित मैदानी अमले की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी।
कलेक्टर ने सम्मानित बीएलओ के उत्कृष्ट कार्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए भविष्य में भी इसी तरह जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।




