छत्तीसगढ़

लघु वनोपज संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष रूप साय सलाम और उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने ग्रहण किया पदभार

वनवासियों की आय बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 19 नवंबर 2025// राजधानी रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में आज छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज (व्यापार एवं विकास) सहकारी संघ मर्यादित के नवनियुक्त अध्यक्ष रूप साय सलाम और उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नए दायित्वों के लिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अध्यक्ष के रूप में सलाम को अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे वे संवेदनशीलता और अनुभव के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सलाम स्वयं जनजातीय समुदाय से आते हैं और समुदाय की समस्याओं व अपेक्षाओं को भली-भांति समझते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वनवासियों की आय बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय समाज के उत्थान को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। केंद्र में अलग जनजातीय मंत्रालय की स्थापना से भी समुदाय के विकास को गति मिली। वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना’ और ‘पीएम जनमन योजना’ लागू कर जनजातीय क्षेत्रों में उल्लेखनीय विकास कार्य किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तेंदूपत्ता संग्राहकों को देश में सर्वाधिक मूल्य दिया जा रहा है। वनोपजों के वैल्यू एडिशन पर विशेष कार्य हो रहा है ताकि वनवासी परिवारों की आय में वृद्धि हो सके।

वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश का सौभाग्य है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं जनजातीय समुदाय से आते हैं और वनवासी समाज की आकांक्षाओं को समझते हैं। प्रदेश की 32% आबादी जनजातीय है और 44% क्षेत्र वनाच्छादित है, ऐसे में वनोपज ही उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है। उन्होंने बताया कि तेंदूपत्ता का प्रति मानक बोरा मूल्य 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये किया गया है, जो देश में सबसे अधिक है।

वनमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने चरण पादुका योजना को पुनः प्रारंभ कर वनोपज संग्राहक परिवारों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, नान चेयरमैन संजय श्रीवास्तव, योग आयोग अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा, आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड अध्यक्ष विकास मरकाम, वक्फ बोर्ड चेयरमैन डॉ. सलीम राज, वनबल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव सहित लघु वनोपज संघ के सदस्य और प्रदेशभर से आए वनोपज संग्राहक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page