राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर में महिला व बाल अधिकारों पर बौद्धिक परिचर्चा

नारायणपुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा संचालित सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण एवं अधिकारों पर केन्द्रित बौद्धिक परिचर्चा का आयोजन मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा वन स्टॉप सखी सेंटर की टीम ने छात्राओं को जागरूक किया।

परिचर्चा में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं- किरण नैलवाल चतुर्वेदी, तन्नुम खान, चंद्रप्रमा यादव
अतिथियों ने छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा, घरेलू हिंसा से संरक्षण, कानूनी अधिकारों और संकट की स्थितियों से निपटने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा उपलब्ध पांच प्रमुख सुविधाओं—कानूनी सहायता, चिकित्सा सहायता, परामर्श, पुलिस सहायता और अस्थायी आश्रय—के बारे में भी बताया गया।
अतिथियों ने कहा कि प्रत्येक बालिका को अपने अधिकारों की जानकारी होना जरूरी है, ताकि वे किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में निर्भीक, निडर और आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ सकें। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा भविष्य में करियर निर्माण की दिशा में सक्रिय रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन NSS स्वयंसेविकाओं द्वारा किया गया। परिचर्चा के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
पूरे सत्र के दौरान NSS कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रकला लहरे तथा सहायक कार्यक्रम अधिकारी हरिसिंह उईके उपस्थित रहे। उन्होंने अतिथि वक्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
बौद्धिक परिचर्चा जागरूकता, संवाद और प्रेरणा के वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।




