कांकेर

यह सड़क जनता के संघर्ष और उम्मीदों का प्रतिफल है – केदार कश्यप

कांकेर सांसद भोजराज नाग व अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी भी हुए शामिल

अंतागढ़–नारायणपुर मार्ग चौड़ीकरण का भूमिपूजन सम्पन्न, 136 करोड़ की परियोजना से खुलेगा विकास का द्वार

नारायणपुर। ताड़ोकी में आज बहुप्रतीक्षित अंतागढ़–नारायणपुर सड़क चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण परियोजना का भव्य भूमिपूजन किया गया। 136 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 46 किलोमीटर लंबी यह सड़क अब आधुनिक विनिर्देशों के साथ विकसित होगी। निर्माण में मजबूत पुल–पुलिया, ड्रेनेज सिस्टम और सुरक्षा संरचनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। यह मार्ग नारायणपुर, अंतागढ़ और अबूझमाड़ के अनेक गांवों की कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा।

जनसंघर्ष से विकास की विजय

अंतागढ़–नारायणपुर मार्ग की जर्जर स्थिति और सरकार की अनदेखी के खिलाफ वर्ष 2023 में बड़ा आंदोलन हुआ था। 30 जुलाई 2023 को ताड़ोकी में ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार के विरोध में धरना–प्रदर्शन कर सड़क निर्माण की मांग उठाई थी।
आज किया गया भूमिपूजन उसी संघर्ष का प्रत्यक्ष परिणाम माना जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री और नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने कहा कि यह सड़क केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि जनता के संघर्ष और उम्मीदों का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि 30 जुलाई 2023 को ताड़ोकी में हम सभी ने मिलकर उपेक्षित सड़क के खिलाफ आवाज उठाई थी। आज वही संघर्ष विजय में बदल चुका है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार वादों पर नहीं, धरातल पर काम के दम पर विश्वास रखती है। यह मार्ग अबूझमाड़ को तेज रफ्तार से विकास से जोड़ने वाला साबित होगा।

कांकेर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि अंतागढ़–नारायणपुर मार्ग पूरे क्षेत्र की आर्थिक धड़कन है। नई चौड़ी सड़क ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान बनेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य व व्यापार जैसी सेवाओं को नई गति देगी। उन्होंने इसे केंद्र की विकासवादी सोच का प्रतीक बताया।

अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी ने कहा कि यह मार्ग सुरक्षा, संपर्क और जनसेवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोग लंबे समय से परेशान थे। परियोजना के आरंभ होने से पूरा क्षेत्र नई दिशा में आगे बढ़ने को तैयार है।

ग्रामीणों में खुशी की लहर

जर्जर सड़क से वर्षों से जूझ रहे ग्रामीणों ने परियोजना शुरू होने पर खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आएगा और यह उनके क्षेत्र के लिए नवजीवन जैसा है।

कार्यक्रम में अंतागढ़ और नारायणपुर एवं कांकेर जिले के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page