मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘पंडुम कैफे’ का किया शुभारंभ
नक्सल उन्मूलन की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन का प्रेरक प्रतीक

जगदलपुर, 17 नवम्बर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर में सामाजिक और आर्थिक बदलाव के नए अध्याय की शुरुआत करते हुए जगदलपुर में ‘पंडुम कैफे’ का शुभारंभ किया। यह कैफे नक्सली हिंसा के पीड़ितों और समर्पण कर चुके सदस्यों के पुनर्वास की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जो मुख्यधारा में लौटने वालों को सम्मानजनक और स्थायी आजीविका उपलब्ध कराने का उद्देश्य रखती है। ‘पंडुम कैफे’ पुलिस लाइन परिसर, जगदलपुर में संचालित होगा।

मुख्यमंत्री ने कैफे में कार्यरत नारायणपुर की फगनी, सुकमा की पुष्पा ठाकुर, बीरेंद्र ठाकुर, बस्तर की आशमती और प्रेमिला बघेल से बातचीत कर उन्हें नई शुरुआत के लिए प्रोत्साहित किया और बेहतर संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘पंडुम कैफे’ बस्तर में नक्सलवाद समाप्ति की दिशा में आए सकारात्मक परिवर्तनों का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि कैफे में कार्यरत युवक-युवतियों को जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा आतिथ्य सेवा, कैफे प्रबंधन, ग्राहक सेवा, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और उद्यमिता से जुड़े व्यापक प्रशिक्षण प्रदान किए गए हैं।
कैफे में कार्यरत एक महिला ने भावुक होकर बताया कि यह पहल उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाई है। एक पूर्व माओवादी सदस्य ने कहा, “हमने अपने अतीत में अंधेरा देखा था, लेकिन आज हमें समाज की सेवा करने का अवसर मिला है। बारूद की जगह कॉफी परोसना और अपनी मेहनत से कमाई करना हमारे लिए एक नया जीवन है।”
एक अन्य सहयोगी ने कहा, “पहले सम्मानजनक जीवन का सपना भी नहीं था। अब हम अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित कर पा रहे हैं।”
एक सदस्य ने कहा कि प्रशासन और पुलिस के सहयोग से मुख्यधारा में लौटना संभव हो पाया है। “हम पीड़ितों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, जिससे अपने पुराने अपराधों को सुधारने और शांति स्थापित करने का अवसर मिला है।”
‘पंडुम’ नाम बस्तर की सांस्कृतिक जड़ों का प्रतीक है। इसकी टैगलाइन “जहाँ हर कप एक कहानी कहता है” बताती है कि यहां परोसी जाने वाली हर कॉफी साहस, संघर्ष और नई शुरुआत की कहानी साथ लेकर आती है।
उद्घाटन कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, बेवरेज कॉर्पोरेशन अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, महापौर संजय पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, संभागायुक्त डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी., कलेक्टर हरिस एस., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।



