जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की मांग तेज
ग्रामीण परिवहन संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जताई चिंता


संघ ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि नारायणपुर जिले में आमदई और रावघाट लौह अयस्क खदानें संचालित हैं, जिससे शासन को रॉयल्टी, डीएमएफ (जिला खनिज फाउंडेशन) और सीएसआर फंड के माध्यम से पर्याप्त राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बनी हुई है।
ग्रामीण परिवहन संघ ने कहा कि जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर का अभाव लंबे समय से महसूस किया जा रहा है। इस कारण गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान गंभीर जोखिम का सामना करना पड़ता है। कई मामलों में समय पर उपचार न मिलने से महिलाओं की मृत्यु तक हो चुकी है।
संघ ने कहा कि महिलाओं को नियमित जांच, प्रसव पूर्व देखभाल और अन्य स्त्री रोग संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक का होना अत्यंत आवश्यक है। एक स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति से न केवल महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी, बल्कि सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया जा सकेगा।
संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासन से इस मांग को गंभीरता से लेने और जिला अस्पताल नारायणपुर में स्त्री रोग विशेषज्ञ का पद शीघ्र भरने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्रामीण परिवहन संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार दुग्गा, सूरज कुमार नेताम, नरसिंह मंडावी, संतुराम उसेंडी, सोमारू दुग्गा, रामसाय दुग्गा, अर्जुन देवांगन सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।




