जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आम जनता की समस्याएँ, त्वरित समाधान का दिया भरोसा

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न गांवों से आए लोगों की समस्याएँ सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदक की मांगों और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में आज कुल 24 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण प्राथमिकता पर किया जाएगा।
ग्रामों से आए आवेदक, विभिन्न समस्याओं पर रखी मांगें
जनदर्शन के दौरान कई गांवों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और संगठनों ने अपनी समस्याएँ प्रस्तुत कीं—
- ग्राम माहका के अभिमन्यु बघेल, प्रियंका बघेल और मनीष बघेल ने बेजा कब्जा हटाने की मांग की।
- लाटापारा के चैनसिंह भोयर ने क्षति पूर्ति राशि न मिलने की समस्या बताई।
- ग्राम गंराजी के सरपंच ने सीसी रोड व पुल निर्माण की मांग रखी।
- बुधवारी बाजार के बामदेव देवांगन ने तहसीलदार के आदेश के बावजूद कब्जा न मिलने का विषय उठाया।
- डुमरतराई के ग्रामीणों ने निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्य और वार्ड 15 से कुम्हारपारा तक सड़क सुधार की मांग की।
- ग्राम रेमावंड की सोनी सोनाय ने मुआवजा दिलाने की बात रखी।
- ग्राम इरपानार–मुरनार के ग्रामीणों ने नेल्लानार योजना अंतर्गत सड़क, बोर खनन, सोलर प्लेट, बिजली तार और स्कूल की मांग प्रस्तुत की।
- नारायणपुर की सीमा सुराना ने परिवारिक जमीन विवाद के समाधान की मांग की।
- अंजली कांगे ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व हेतु आर्थिक सहायता का आग्रह किया।
- हेमलता जैन ने अपनी स्वामित्व भूमि पर अवैध उपयोग एवं नाली निर्माण का विरोध दर्ज कराया।
- ग्राम माहका के सरपंच ने तालाब सौंदर्यीकरण की मांग रखी।
- गाडा गंधर्व समाज के जिला अध्यक्ष ने सामाजिक भवन के लिए भूमि आवंटन की मांग की।
- ग्राम पंचायत सोनपुर के सरपंच ने सचिव हटाने व नवीन हैंडपंप की मांग की।
- ग्राम कानागांव के ग्रामीणों ने भूमि सीमांकन की मांग रखी।
- डुटा गांव के ग्रामीणों ने ग्राम परिवर्तन, पट्टा प्रदाय और सड़क निर्माण से जुड़े आवेदन दिए।
- ममता गोटा ने बीएससी नर्सिंग छात्रवृत्ति की मांग रखी।
- भारतीय किसान संघ ने धान खरीदी से संबंधित मुद्दे उठाए।
- ग्राम गोटाजम्हरी के सरपंच ने ट्रांसफार्मर खराब होने और स्कूल भवन में हैंडपंप खनन का विषय रखा।
- नगरपालिका परिषद नारायणपुर के पार्षद रमशीला नाग (वार्ड 11) ने विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृति का आग्रह किया।
- जर्जर प्राथमिक विद्यालय भवन (वार्ड 3) तोड़ने और नए निर्माण कार्यों की स्वीकृति जैसे मुद्दे भी प्रस्तुत किए गए।
समस्याओं का जल्द समाधान होगा—कलेक्टर
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जनदर्शन में उपस्थित ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सभी प्रकरणों पर विभागीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।



