नारायणपुर

आत्मनिर्भर भारत अभियान व SIR विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत महिला सम्मेलन संपन्न

सशक्त नारी ही सक्षम राष्ट्र की आधारशिला है- संध्या पवार

नारायणपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला नारायणपुर के नेतृत्व में आज नगर के बखरूपारा वार्ड में आत्मनिर्भर भारत अभियान एवं भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्यक्रम के अंतर्गत एक महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में भारी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपने विचार साझा किए और जन-जागरूकता की इस मुहिम को सफल बनाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार ने कहा आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हमारी माताएं-बहनें हर स्तर पर सशक्त होंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज नारी शक्ति को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक हर क्षेत्र में समान अवसर मिल रहा है। साथ ही, SIR कार्यक्रम लोकतंत्र को मजबूत करने की एक ऐतिहासिक पहल है, जिसमें महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व पार्षद रमशीला नाग, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष व पार्षद रीता मंडल, पार्षद संगीता जैन एवं वरिष्ठ नेत्री बबीता ठाकुर ने भी अपने-अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं अब केवल परिवार की धुरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की भी मजबूत आधारशिला हैं। आत्मनिर्भर भारत की भावना को तभी गति मिलेगी जब हर घर की नारी आत्मविश्वास के साथ निर्णय लेने में सक्षम होगी।

SIR विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत वक्ताओं ने यह भी बताया कि मतदाता सूची की शुद्धता, महिला मतदाताओं का सही पंजीकरण, और लोकतांत्रिक भागीदारी को बढ़ावा देना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों, कौशल विकास, स्वरोजगार, महिला सुरक्षा, सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं मतदाता जागरूकता जैसे विषयों पर संवाद हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को केवल प्रेरित करना नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ते हुए एक नव-निर्माण की भागीदार बनाना था।

इस अवसर पर पार्षद नेहा कश्यप, कृति पोटाई, फुलमत कौर, देवकी ठाकुर, पीली बाई ठाकुर, फुलनतींन सोनवानी, अमिता ठाकुर, अमल यादव सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वार्डवासी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page