जमीनी कार्यकर्ताओं से राय लेकर बनाया जाएगा नया जिलाध्यक्ष

देशभर में संगठन सृजन अभियान के तहत होगी नई नियुक्ति
नारायणपुर।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के मंशानुरूप देशभर में चल रहे संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में नारायणपुर जिले में भी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पद के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है।

इस संबंध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से प्रमुख पर्यवेक्षक सैयद अजमतुल्ला हुसैनी, पर्यवेक्षक कुवंर सिंह निषाद (विधायक गुंडरदही) तथा पर्यवेक्षक रामकुमार यादव (विधायक चंद्रपुर) को जिले में भेजा गया। तीनों पर्यवेक्षकों ने जिले के विभिन्न ब्लॉकों — नारायणपुर ग्रामीण, ओरछा, छोटेडोंगर, कोहकामेटा एवं नारायणपुर शहर — के सभी मंडल अध्यक्षों, सेक्टर प्रभारियों, बूथ प्रभारियों, साथ ही जनप्रतिनिधियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, और कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की।
बैठक में जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, शहर अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई कार्यकारिणी सहित सभी वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया था।
प्रत्येक कार्यकर्ता से वन-टू-वन चर्चा कर सुझाव लिए गए। इन चर्चाओं की रिपोर्ट तैयार कर सीधे दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर जिले के नए अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस सचिव रजनू नेताम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिसेल नाग, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि देवांगन, पीसीसी सचिव देवनाथ उसेंडी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, जिला महासचिव शेख तौहीद अहमद, वरिष्ठ कांग्रेसी जे.पी. देवांगन, पीसीसी सदस्य राजेश दीवान, सुनील सिंह राठौर, मो. हुसैन, रामप्रसाद सिन्हा, सुक्कू सलाम, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद नैलवाल, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव वेदबती पात्र, मीना नाग, रशीला कश्यप, पूर्व पार्षद रखी राणा, वगेश्वरी पटेल, एनएसयूआई प्रदेश सचिव जय वट्टी, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बोधन देवांगन सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पर्यवेक्षकों ने कहा कि कांग्रेस संगठन की मजबूती जमीनी कार्यकर्ताओं के सुझावों से ही संभव है। नए अध्यक्ष की नियुक्ति कार्यकर्ताओं की राय और उनकी सक्रियता के आधार पर की जाएगी ताकि संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिल सके।




