नारायणपुर

ग्राम करलखा में चलित थाना कार्यक्रम आयोजित – पुलिस ने ग्रामीणों को दिलाई जागरूकता

ग्राम करलखा में चलित थाना कार्यक्रम आयोजित, पुलिस ने ग्रामीणों को दिलाई जागरूकता…

करलखा (नारायणपुर)। थाना भरण्डा के तत्वावधान में गुरुवार को ग्राम पंचायत भवन करलखा में चलित थाना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नारायणपुर पुलिस की विशेष टीम ने ग्रामीणों को विभिन्न अपराधों से बचाव एवं कानूनी जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान सहायक उप निरीक्षक महेश कुंजाम ने ग्रामीणों को बताया कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। उन्होंने सभी से सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की।

कमलेश साहू (साइबर सेल, नारायणपुर पुलिस) ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई व्यावहारिक उपाय बताए और जागरूकता के माध्यम से ठगी की घटनाओं को रोकने पर जोर दिया। वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से आईं सुश्री रेणुका बघेल ने ग्रामीणों को घरेलू हिंसा, बाल विवाह और बाल अपराध से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में दिलीप पांडे, कन्हैया लाल दुग्गा, सरपंच श्रीमती रमशिला सलाम, और उपसरपंच प्रशांत यदु ने भी उपस्थित रहकर कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जनजागरण कार्यक्रम ग्रामीणों को कानून की जानकारी देने और समाज में सुरक्षा की भावना बढ़ाने में मददगार साबित होते हैं।

अंत में पुलिस विभाग द्वारा ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया कि “जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव हैं।” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और पुलिस अधिकारियों से अपने सवाल पूछकर समाधान प्राप्त किया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page