गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप

गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप
परंपरा और संस्कृति के संरक्षण पर दिया विशेष जोर
नारायणपुर, 23 अक्टूबर 2025// ग्राम पंचायत करलखा में यादव समाज द्वारा गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांसद कश्यप ने दीप प्रज्वलित कर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना की तथा गौ माता की पूजा कर परंपरा के इस पावन पर्व की शुरुआत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और रीति-रिवाजों का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को कभी भूलना नहीं चाहिए, बल्कि इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है।
सांसद ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके आदर्शों और शिक्षाओं को हमें अपने जीवन में उतारना चाहिए, तभी हम सच्चे अर्थों में पूजा का भाव समझ सकते हैं। उन्होंने गौ माता के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला और कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि मातृभाव का प्रतीक है।
इस अवसर पर यादव समाज के सदस्यों ने मिट्टी से गोवर्धन पर्वत का सुंदर स्वरूप तैयार किया, जिसकी पूजा सांसद कश्यप सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों ने की। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल तथा आदिवासी समाज के संरक्षक रूपसाय सलाम ने भी संबोधित करते हुए समाज में एकता, सहयोग और परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। ग्रामवासी एवं यादव समाज के सदस्यों ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर भक्ति गीतों के माध्यम से उत्सव को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, जनपद पंचायत ओरछा उपाध्यक्ष मांगडू राम नूरेटी, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण सहित ग्रामीण उपस्थित थे।




