33 दिन चली अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त : मांगें पूरी होने पर कर्मचारियों ने मनाया जश्न, भजन-कीर्तन और नृत्य से गूंजा परिसर

नारायणपुर। 33 दिन से चल रही एनएचएम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार शनिवार को समाप्त हो गई। सरकार द्वारा सभी प्रमुख मांगें पूरी करने की घोषणा के बाद हड़ताली कर्मचारियों ने एकजुट होकर अनशन तोड़ा और इसे ऐतिहासिक जीत करार दिया।

मांगें पूरी होने की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। रातभर परिसर में रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम चलते रहे। साथी कर्मचारियों ने नृत्य कर उल्लास प्रकट किया और संघर्ष की सफलता का जश्न मनाया।
संघर्ष की पृष्ठभूमि
एनएचएम कर्मचारी संघ, जिला नारायणपुर इकाई ने 33 दिन पहले अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की थी। इस दौरान कर्मचारियों ने रैलियां निकालीं, ज्ञापन सौंपे और धरना स्थल पर शांतिपूर्ण आंदोलन किया।
पिछले दिनों संगठन ने कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपकर सरकार से तत्काल समाधान की मांग की थी।
कर्मचारियों ने जताया आभार
सायंकालीन कार्यक्रम में कर्मचारियों ने एकजुट होकर राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा –
“यह जीत सिर्फ संगठन की नहीं, बल्कि हर साथी की एकजुटता, त्याग और धैर्य का परिणाम है। यह संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल रहेगा।”
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी संगठन इसी प्रकार मजबूती से कर्मचारियों के अधिकार और हितों की लड़ाई लड़ता रहेगा।
उत्सव जैसा माहौल
- अनशन तोड़ते ही कर्मचारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई
- रामायण पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन
- नृत्य और गीतों से देर रात तक गूंजा परिसर
- इसे संगठन ने “ऐतिहासिक संघर्ष की जीत” करार दी।




