नारायणपुर

25 दिन से जारी हड़ताल में NHM कर्मचारियों ने निकाली मनोकामना रैली

दंडवत प्रणाम करते हुए माता मावली की शरण में पहुँचे स्वास्थ्य कर्मी, न्यायोचित मांगों के समाधान की प्रार्थना

नारायणपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 25वें दिन भी जारी रही। गुरुवार को नारायणपुर नगर में कर्मचारियों ने अनूठे अंदाज में मनोकामना रैली निकालकर अपनी पीड़ा जाहिर की। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए माता मावली मंदिर पहुँची।

ढोल-नगाड़ों के साथ जयकारे लगाते हुए कर्मचारी दंडवत प्रणाम और घुटनों के बल चलकर माता की शरण में पहुँचे। इस दौरान कर्मचारियों ने माता मावली की घंटों पूजा-अर्चना कर अपनी वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की कामना की।

कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने वर्षों से उनके साथ किए गए वादों और आश्वासनों को पूरा नहीं किया है। अब वे अपने संघर्ष के बीच माता मावली को ही अपना अंतिम सहारा मान रहे हैं।

मुख्य मांगें
कर्मचारियों ने सरकार के सामने सेवा स्थायीत्व (नियमितीकरण), पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना, अनुकंपा नियुक्ति, ग्रेड पे, कार्य मूल्यांकन में पारदर्शिता, लंबित 27% वेतन वृद्धि, मेडिकल अवकाश, स्थानांतरण नीति में सुधार और 10 लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा बीमा जैसी प्रमुख मांगें रखी हैं।

आक्रोश बढ़ता जा रहा
कर्मचारी संघ का कहना है कि सरकार द्वारा लगातार अनदेखी किए जाने से नारायणपुर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के NHM कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। संघ ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक मांगे पूरी नहीं होतीं, आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।

कर्मचारियों ने कहा कि यह केवल उनका हक की लड़ाई नहीं है, बल्कि ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले जनसेवकों की पीड़ा है। अब वे स्वयं न्याय और सम्मान की अपेक्षा लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page