स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय में रजत जयंती उत्सव का आगाज

स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय में रजत जयंती उत्सव का आगाज, ई-लाइब्रेरी की हुई घोषणा
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शासन द्वारा आयोजित रजत जयंती समारोह की शुरुआत शनिवार को शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर में हुई। इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर धैर्य और कठिन परिश्रम के साथ उसे प्राप्त करने की प्रेरणा दी।

ई-लाइब्रेरी की घोषणा
मंत्री केदार कश्यप ने विद्यार्थियों की मांग पर डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों से युक्त ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी में आधुनिक फर्नीचर और अन्य आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधा मिल सके।
महाविद्यालय की उपलब्धियां
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. एस.आर. कुंजाम ने महाविद्यालय की शैक्षणिक और सामाजिक उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने महाविद्यालय के विकास क्रम की जानकारी दी और बताया कि रजत जयंती के अवसर पर विभिन्न गतिविधियों—पुस्तक प्रदर्शनी, क्विज प्रतियोगिता, रंगोली, पोस्टर, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम—अलग-अलग दिनों में आयोजित किए जाएंगे।
शिक्षकों का हुआ सम्मान
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र मेश्राम ने इस अवसर पर महाविद्यालय के लाइब्रेरियन, सहायक प्राध्यापकों एवं अतिथि व्याख्याताओं को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के परिश्रम और विद्यार्थियों की लगन से ही महाविद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है।
विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त कर्मचारी, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण सहभागिता से रजत जयंती समारोह को खास बना दिया।
रजत जयंती वर्ष के इस आयोजन को महाविद्यालय परिवार ने गर्व और उत्साह के साथ मनाने का संकल्प लिया है। आगामी दिनों में होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताएं और गतिविधियां इस उत्सव को और भी सार्थक बनाएंगी।




