सेवा पखवाड़ा जनसेवा के प्रति भाजपा की संस्कृति का प्रतीक – विक्रम उसेंडी

सेवा पखवाड़ा जनसेवा के प्रति भाजपा की संस्कृति का प्रतीक – विक्रम उसेंडी
नारायणपुर। सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में प्रबुद्धजन सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। सम्मेलन में जिले के प्रबुद्ध नागरिकों, व्यापारीगणों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी तथा सहवक्ता भाजपा प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य गौतम एस. गोलछा मंच पर उपस्थित रहे।
उसेंडी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा भाजपा की कार्यसंस्कृति और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। आज देश को सकारात्मक सोच और विकास की राजनीति की आवश्यकता है, ऐसे में भाजपा सेवा कार्यों के माध्यम से सीधे जनमानस से जुड़ रही है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता का कर्तव्य है कि इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाए।
गौतम एस. गोलछा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रबुद्धजन समाज की रीढ़ हैं। भाजपा का सेवा भाव आज हर वर्ग को जोड़ रहा है और यही लोकतंत्र की असली ताकत है।
भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार ने कहा कि भाजपा का हर कार्यक्रम जनसेवा को समर्पित होता है। प्रबुद्ध वर्ग की सहभागिता संगठन को और अधिक सशक्त बनाती है। वहीं, सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के जिला संयोजक संतनाथ उसेंडी ने कहा कि सेवा अभियान भाजपा की नीति और नीयत दोनों को दर्शाता है। इसका उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसाय सलाम, भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन और भाजपा जिला महामंत्री संजय नंदी विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन संदीप कुमार झा ने किया तथा आभार प्रदर्शन सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के सह संयोजक शांतु दुग्गा ने किया।




