साइबर ठगी से बचाव की दी सीख

भाटपाल में 250 छात्र-शिक्षक और ग्रामीणों को मिली जानकारी
नारायणपुर। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत नारायणपुर साइबर पुलिस टीम ने बुधवार को ‘‘साइबर जागरूकता अभियान’’ के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाटपाल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें 250 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत देवांगन, सउनि प्यारेलाल पिद्दा, साइबर टीम के राजु बघेल, रामचंद्र यादव और साइबर वालंटियर अंजलि व सुखपाल मौजूद रहे।
पुलिस टीम ने बताया कि तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों में यूपीआई फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन लोन ठगी, फर्जी कॉल, सेक्सटॉर्शन, सोशल मीडिया फ्रॉड, शेयर ट्रेडिंग फ्रॉड और फेक लिंक के माध्यम से होने वाली ठगी प्रमुख हैं। इनसे बचने के लिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
विद्यालय परिसर में साइबर जागरूकता रथ, बैनर और प्रोजेक्टर के जरिए ठगी की विभिन्न तकनीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी गई। टीम ने किसानों के नाम पर हो रहे क्रेडिट कार्ड फ्रॉड से लेकर ऑनलाइन जॉब और एजुकेशन लोन से जुड़ी ठगी तक के उदाहरण दिए।
लोगों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कर सकते हैं या फिर www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है।




