नारायणपुर

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर आयुष शिविर आयोजित

आयुर्वेद जन-जन के लिए, पृथ्वी के कल्याण के लिए थीम पर हुआ आयोजन

नारायणपुर। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर आयुष विभाग नारायणपुर द्वारा रविवार को आयुर्वेद शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष से भारत सरकार ने धन त्रयोदशी की बदलती तिथि के कारण आयुर्वेद दिवस 23 सितम्बर को मनाने का निर्णय लिया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम और नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र कुमार बघेल ने दीप प्रज्वलित कर किया। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी, समाजसेवी रूपसाय सलाम, बृजमोहन देवांगन और उत्तम चंद जैन ने भगवान धन्वंतरि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्य अतिथि मरकाम ने कहा कि आयुर्वेद को बढ़ावा देना स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य है। नगर पालिका अध्यक्ष बघेल ने कहा कि परंपरागत ज्ञान पर आधारित आयुर्वेदिक दवाएं मधुमेह जैसी जटिल बीमारियों पर असरदार सिद्ध हुई हैं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष मंडावी ने अपने उद्बोधन में स्वदेशी चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने पर जोर दिया और कहा कि आज इसकी स्वीकार्यता विश्व स्तर पर बढ़ रही है।

आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीना खोबरागड़े ने कार्यक्रम का संचालन किया। यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधीर साहू ने प्रधानमंत्री का संदेश वाचन किया। अंत में जिला आयुष अधिकारी डॉ. सत्येंद्र नाग ने आभार व्यक्त करते हुए कर्मचारियों को आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत महिलाओं की जांच और परामर्श की विशेष व्यवस्था की गई। शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। स्वास्थ्य शिविर में होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. सुखीराम शिवारे, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र भदौरिया, डॉ. धनेश्वर साहू, योग चिकित्सा अधिकारी डॉ. यमन साहू सहित आयुष विभाग के समस्त कर्मचारियों का सक्रिय योगदान रहा।

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर उपस्थित सभी सदस्यों ने व्यक्तिगत और सामुदायिक स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद के शाश्वत ज्ञान को संरक्षित रखने की शपथ ली।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page