रामकृष्ण मिशन आश्रम के मैदान से होगा लांचिंग “सांसद खेल महोत्सव”

सांसद खेल महोत्सव
रामकृष्ण मिशन आश्रम के मैदान से होगा लांचिंग कार्यक्रम
नारायणपुर। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप के करकमलों से नारायणपुर में सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत होगी। लांचिंग कार्यक्रम रामकृष्ण मिशन आश्रम के खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा।
यह महोत्सव नारायणपुर के युवाओं के लिए खेल प्रतिभा निखारने का एक बड़ा मंच साबित होगा। आयोजकों के अनुसार 21 सितंबर से 25 दिसंबर 2025 तक जिलेभर के खिलाड़ियों के बीच विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें भाग लेने वाले युवा अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित कर सकेंगे और नई पहचान बना पाएंगे।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने का माध्यम है। इस महोत्सव से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसी मूलभूत जीवनशैली विकसित होगी।
खेल महोत्सव का एक और उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। कार्यक्रम के जरिए नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और खेलप्रेमियों की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन और भी प्रभावशाली व प्रेरणादायी बनेगा।
सांसद खेल महोत्सव नारायणपुर के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने की पहल है। इससे युवाओं को न केवल खेलों से जुड़ने का अवसर मिलेगा, बल्कि एक सशक्त और समर्थ भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाने का हौसला भी मिलेगा।




