बस संचालन बंद, कांग्रेस ने किया नगर बंद और चक्काजाम

व्यापारियों ने भी स्वेच्छा से दिया समर्थन, कहा- भारी वाहन रोक कर यात्री बसें तुरंत शुरू हो
नारायणपुर।
नारायणपुर-कोंडागांव के बीच यात्री बस संचालन बंद होने से नाराज़ कांग्रेस ने गुरुवार को नगर बंद कर गढ़बेंगाल चौक पर चक्काजाम आंदोलन किया। कांग्रेस के इस आंदोलन को व्यापारियों ने भी पूर्ण समर्थन दिया और अपने प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद रखे।

गौरतलब है कि नारायणपुर से कोंडागांव को जोड़ने वाला नेशनल हाइवे 130 डी इन दिनों निर्माणाधीन है। सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार की लापरवाही और अधूरे काम के चलते पूरी सड़क खोदी गई और उस पर केवल मिट्टी डाल दी गई है। इससे सड़क की स्थिति दलदली, कीचड़युक्त और असुरक्षित हो गई है। यही कारण है कि पिछले 15 दिनों से इस मार्ग पर यात्री बसों का संचालन बंद पड़ा है।
बसों के बंद रहने से मरीजों, छात्रों, कर्मचारियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यातायात बाधित होने से आसपास के हाट-बाज़ार और जनजीवन प्रभावित हो गया है।
गढ़बेंगाल चौक पर आयोजित चक्काजाम आंदोलन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने एक माह के भीतर सड़क दुरुस्त करने का वादा किया था, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी सड़क पूरी तरह बदहाल है। उन्होंने कहा कि पुराने मार्ग को भी चलने योग्य नहीं छोड़ा गया है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने यात्री बस संचालन तत्काल शुरू नहीं किया और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक नहीं लगाई, तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक चन्दन कश्यप, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनू नेताम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिसेल नाग, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि देवांगन, प्रदेश कांग्रेस सचिव देवनाथ उसेंडी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष श्यामबत्ती नेताम, पंडी राम वड्डे, प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव वेदबती पात्र, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रशीला कश्यप सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा शेख तौहीद अहमद, संजय राय, संतोष राव, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बोधन देवांगन, एनएसयूआई प्रदेश सचिव विजय सलाम, शब्बीर बढ़गुजर, देवगांव सरपंच जयराम मंडावी, करलखा सरपंच अधारी सलाम, पूर्व सरपंच जागोनतिन मंडावी, बिंजली मंडल अध्यक्ष रामसाए दुग्गा, एडका मंडल अध्यक्ष सुगदू उसेंडी, वरिष्ठ कांग्रेसी वीपी शुक्ला, सैयद अनवर अली समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीण आंदोलन में शामिल हुए।
कांग्रेस ने स्पष्ट कहा कि जब तक यात्री बसों का संचालन बहाल नहीं होता, तब तक सड़क पर आंदोलन जारी रहेगा।




