नारायणपुर

नक्सल प्रभावित कड़ेनार में आईटीबीपी–PNB की अनोखी पहल

ग्रामीणों के खिले चेहरे, पहली बार मिले बैंकिंग सेवाओं से जुड़ने का अवसर

नारायणपुर।
नक्सल प्रभावीत और अति संवेदनशील इलाकों में जहाँ लंबे समय से ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे, वहीं अब विकास की एक नई किरण पहुँची है। 45वीं वाहिनी आईटीबीपी की सीओबी कड़ेनार में 11 सितंबर को पंजाब नेशनल बैंक और आईटीबीपी के संयुक्त सहयोग से विशेष बैंकिंग शिविर आयोजित किया गया।

इस शिविर में ग्राम चिकपाल और कड़ेनार के ग्रामीणों के बैंक खाते खोले गए। वर्षों से बैंकिंग सुविधा से वंचित इन लोगों के लिए यह आयोजन किसी ऐतिहासिक अवसर से कम नहीं रहा। ग्रामीणों ने उत्साह और संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे भी सुरक्षित बचत, सरकारी योजनाओं और वित्तीय सेवाओं का लाभ उठा पाएंगे।

इस पूरे आयोजन का श्रेय 45वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट राजीव गुप्ता को जाता है, जिन्होंने पहल करते हुए पंजाब नेशनल बैंक से संपर्क साधा। वहीं सीओबी कड़ेनार के कमांडर राजकुमार (सहायक कमांडेंट) और निरीक्षक रजनीश ने व्यक्तिगत रूप से ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें शिविर तक लाने और बैंकिंग सेवा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई।

ग्रामीणों ने बताया कि यह दिन उनके लिए यादगार बन गया है। पहली बार उन्हें लगा कि विकास की मुख्यधारा वास्तव में उनके दरवाज़े तक पहुँच रही है।

इस पहल से न केवल ग्रामीणों को आर्थिक सुरक्षा मिली है, बल्कि सुरक्षा बलों और स्थानीय जनता के बीच विश्वास और आत्मीयता भी गहरी हुई है। यह कदम नक्सल उन्मूलन की दिशा में केवल प्रशासनिक प्रयास नहीं, बल्कि सामाजिक और मानवीय पहल भी है, जो आने वाले समय में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनेगी।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page