नारायणपुर

जीएसटी सुधार से आम आदमी, किसान और व्यापार को बड़ी राहत : टकेश्वर जैन

जीएसटी सुधार से आम आदमी, किसान और व्यापार को बड़ी राहत : टकेश्वर जैन

नारायणपुर। केंद्र की मोदी सरकार ने जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) में जो बड़े सुधार किए हैं, उनका सीधा लाभ आम आदमी, मध्यम वर्ग, किसानों और व्यापारियों तक पहुंचेगा। यह बातें भाजपा प्रदेश प्रवक्ता टकेश्वर जैन ने नारायणपुर जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने बताया कि नई कर प्रणाली से आम परिवार की जेब हल्की होगी, कारोबार सुगम होगा और देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

5% स्लैब में रोजमर्रा की वस्तुएं, आम आदमी को राहत

जैन ने बताया कि अब 5 प्रतिशत स्लैब में अधिकतर दैनिक उपभोग की वस्तुएं शामिल कर ली गई हैं। पहले 12% टैक्स स्लैब में आने वाली 99 प्रतिशत चीजों को घटाकर 5% में लाया गया है। इससे ब्रेड, बिस्किट, नमकीन, चॉकलेट जैसी खाने-पीने की वस्तुएं अब और सस्ती होंगी।
किसानों को भी बड़ी राहत दी गई है। खेती के उपकरण और मशीनरी पर कर कम किया गया है। वहीं, आम घरों में इस्तेमाल होने वाली वस्तुएं जैसे हेयर ऑयल, टूथपेस्ट, साबुन भी अब 5% टैक्स में उपलब्ध होंगी। इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा और महंगाई से कुछ हद तक राहत मिलेगी।

18% स्लैब से मध्यम वर्ग और विकास को गति

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि मध्यम वर्ग और युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए 28% स्लैब में आने वाली वस्तुओं को घटाकर 18% में शामिल किया गया है। इससे दोपहिया वाहन, एयर कंडीशनर, टीवी, डिशवॉशर और सीमेंट जैसे सामान सस्ते होंगे।
उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल मध्यम वर्ग को राहत देगा बल्कि रियल एस्टेट, निर्माण कार्य और युवाओं के जीवन स्तर को भी नई दिशा देगा।

40% स्लैब से स्वास्थ्य पर ध्यान

सरकार ने जनहित को ध्यान में रखते हुए 40% विशेष टैक्स स्लैब लागू किया है। इसमें पान मसाला, गुटखा, तंबाकू और कुछ लग्जरी वस्तुएं शामिल हैं। जैन ने कहा कि यह कदम समाज के स्वास्थ्य और भलाई को देखते हुए उठाया गया है। सरकार चाहती है कि इन वस्तुओं की खपत कम हो और लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े।

कर प्रणाली और पारदर्शिता में सुधार

जैन ने कहा कि चार मुख्य दरों के बजाय अब केवल दो सामान्य दरें (5% और 18%) और एक विशेष 40% स्लैब लागू होने से टैक्स प्रणाली अधिक स्पष्ट और सहज हो गई है। इसका फायदा व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कारोबारियों के लिए रजिस्ट्रेशन अब केवल 3 दिन में हो जाएगा और रिफंड 7 दिन में मिलेगा। इससे कारोबार और एक्सपोर्ट में तेजी आएगी। टैक्स चोरी पर भी अंकुश लगेगा और ‘‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’’ को बढ़ावा मिलेगा।

परिवारों को सीधी बचत

नई टैक्स व्यवस्था का असर आम परिवार की जेब पर भी दिखेगा।

  • 12 लाख की कार खरीदने पर अब 1.20 लाख की बचत होगी।
  • बीमा प्रीमियम में औसतन 4 हजार की राहत मिलेगी।
  • एक औसत परिवार को सालाना 40 से 45 हजार रुपये की बचत संभव है।

किसानों को लाभ

खेती की लागत घटेगी और उत्पादन सस्ता होगा। जैन ने बताया कि उपकरण और मशीनरी पर कर कम होने से खेती-किसानी में खर्च घटेगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

व्यापक आर्थिक असर

उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधारों से देश को सालाना 6 लाख करोड़ रुपये तक की बचत होने की संभावना है। इससे रोजगार के नए अवसर बनेंगे, निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और जीडीपी में वृद्धि होगी।
टैक्स कलेक्शन में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे सरकार के पास विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे।

जनता और कारोबार के लिए सरलीकरण

जैन ने दावा किया कि जीएसटी सुधारों ने करदाताओं और कारोबारियों के बीच पारदर्शिता और विश्वास को बढ़ावा दिया है। आम आदमी को दैनिक जीवन की वस्तुएं सस्ती मिलने लगी हैं तो कारोबारियों को सुगमता और समय की बचत हो रही है।

भाजपा का जनहितकारी दृष्टिकोण

अंत में उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जिनका उद्देश्य समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचाना है। चाहे वह किसान हो, व्यापारी, मध्यम वर्ग या आम उपभोक्ता — सभी के लिए यह सुधार राहत और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page